दिल्ली के रानी बाग में नकदी-लैपटॉप चोरी चोरी का पर्दाफाश, पूर्व कर्मचारी और टाटा ऐस ड्राइवर समेत तीन गिरफ्तार
दिल्ली के रानी बाग में 2.10 लाख रुपये नकद और लैपटॉप चोरी के मामले का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।
-1790426593637-1790433771266-1790433778540_m.webp)
रानी बाग थानाक्षेत्र में दुकान से 2.10 लाख रुपये नकद और लैपटाॅप चुराने वाले गिरफ्तार कर लिए।
HighLights
रानी बाग में 2.10 लाख रुपये नकद और लैपटॉप चोरी।
क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर सामान बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपितों में दो पूर्व कर्मचारी और एक टाटा ऐस चालक।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। रानी बाग थानाक्षेत्र में दुकान से 2.10 लाख रुपये नकद और लैपटाॅप समेत अन्य सामान चोरी करने के मामले का क्राइम ब्रांच की टीम ने भंडाफोड़ कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो शिकायतकर्ता के पूर्व कर्मचारी हैं, जबकि तीसरा उसकी दुकान के पास टाटा ऐस चलाने वाला चालक है।
आरोपितों के कब्जे से चोरी की पूरी नकदी 2.10 लाख रुपये, चार्जर समेत एप्पल लैपटाप, पिट्ठू बैग, बैंक पासबुक, पेन ड्राइव और आधार कार्ड की प्रति बरामद हुई है। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
क्राइम ब्रांच के उपायुक्त चंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, 18 सितंबर की रात करीब आठ बजे सरस्वती विहार के महेंद्र अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान ग्रे रंग की स्कूटी पर पहुंचे बदमाश उनका पिट्ठू बैग चोरी कर फरार हो गए। बैग में नकदी और अन्य सामान था। शिकायत पर रानी बाग थाने में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर पुखराज के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपितों की पहचान की। 24 सितंबर की रात सूचना मिलने पर टीम ने जीवन ज्योति अपार्टमेंट के पास डीडीए पार्क में घेराबंदी कर अमर, आकाश और आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि अमर और आकाश पहले शिकायतकर्ता की दुकान पर काम कर चुके थे। दोनों को दुकान की बिक्री की रकम और दुकान बंद होने के समय की जानकारी थी। वहीं आशीष दुकान के पास टाटा ऐस चलाता था और दोनों का करीबी दोस्त था।
पुलिस के मुताबिक, तीनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। क्राइम ब्रांच आरोपितों से पूछताछ कर मामले में उनकी भूमिका और अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- PUCC संभाल लें दिल्लीवाले! 1 अक्टूबर से शुरू होगा विशेष अभियान, प्रदूषण फैलाने वाले वाहन रडार पर
यह भी पढ़ें- कल फ्री में घूमें दिल्ली के ऐतिहासिक स्मारक, विश्व पर्यटन दिवस पर टूरिस्टों के लिए खास इंतजाम
