दिल्ली की सड़कों के डेटा में लापरवाही पड़ी भारी, PWD ने 9 इंजीनियरों को दिया अल्टीमेटम
लोक निर्माण विभाग ने जीएसडीएल पोर्टल पर सड़कों का ब्योरा अपलोड न करने पर नौ कार्यकारी अभियंताओं को 15 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया है।

केवल आठ अभियंताओं ने ही प्रमाणपत्र जमा किए हैं।
HighLights
PWD ने नौ अभियंताओं को GSDL पोर्टल पर ब्योरा अपलोड करने का अल्टीमेटम दिया
केवल 8 अभियंताओं ने ही सड़कों के ब्योरे का प्रमाणपत्र जमा किया
शेष अभियंताओं को सड़क संबंधी जानकारी पूरी करने के निर्देश
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने जीएसडीएल पोर्टल पर सड़कों का ब्योरा अपलोड करने और सत्यापन में लापरवाही पर नौ कार्यकारी अभियंताओं को 15 अक्टूबर यानी आज तक का अल्टीमेटम दिया है।
विभाग के अनुसार 17 में से केवल आठ अभियंताओं ने प्रमाणपत्र जमा किए हैं। इनके क्षेत्राधिकार में 80 से 90 प्रतिशत सड़कों का ही ब्योरा अपडेट हुआ है। शेष अभियंताओं को सड़क संबंधी जानकारी पूरी करने, दोहराव दूर करने और सत्यापन के बाद प्रमाणपत्र जमा करने का निर्देश दिया गया है।
जीएसडीएल पोर्टल पर अपडेट
दिल्ली में सड़कों से संबंधित आंकड़ों को जीएसडीएल पोर्टल पर अपडेट करने के मामले में लोक निर्माण पीडब्ल्यूडी के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, 10 और 16 सितंबर को जारी निर्देशों के तहत सभी संबंधित कार्यकारी अभियंताओं को अपने क्षेत्र की सड़कों के आंकड़े पोर्टल पर अपलोड करने और उनकी जांच करने को कहा गया था।
उन्हें यह प्रमाणित करना था कि उनके अधिकार क्षेत्र की सभी सड़कें पोर्टल पर दर्ज हैं और आंकड़ों की पूर्णता एवं सटीकता की जांच कर ली गई है। साथ ही, दोहराव वाली प्रविष्टियों और गलती से दूसरे क्षेत्र के अंतर्गत दर्ज सड़कों की भी जांच करनी थी। बता दें कि पोर्टल पर सड़कों की जानकारी इसलिए अपलोड करने के लिए कहा गया है ताकि एक ही मंच पर सड़कों की पूूरी जानकारी एकत्रित हो सके।
