विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के इन 24 गोलचक्करों की बदलेगी तस्वीर, 3 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होगा सुंदरीकरण; टेंडर जारी

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:18 PM (IST)

दिल्ली सरकार पीडब्ल्यूडी के माध्यम से राजधानी के 24 प्रमुख गोलचक्करों का सुंदरीकरण और यातायात व्यवस्था में सुधार करेगी।

दिल्ली के 24 गोलचक्करों की बदलेगी तस्वीर। तीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

दिल्ली के 24 गोलचक्करों की बदलेगी तस्वीर। तीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. 24 प्रमुख गोलचक्करों का सुंदरीकरण और यातायात सुधार होगा।

  2. लैंडस्केपिंग, फुटपाथ पुनर्विकास और आधुनिक लाइटिंग की जाएगी।

  3. वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन मिलेगा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली के 24 प्रमुख गोलचक्करों की तस्वीर बदलने के साथ ही सरकार इनके आसपास यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाएगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है।

योजना के तहत गोलचक्करों का सुंदरीकरण करने के साथ आसपास के फुटपाथों का पुनर्विकास किया जाएगा। इससे न केवल राजधानी के प्रमुख चौराहों की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा और पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा।

योजना के लिए टेंडर जारी

यह योजना पूर्व की सरकार के समय बनी थी, मगर आगे नहीं बढ़ सकी थी। अब योजना के लिए टेंडर जारी हुआ है। इस कार्य पर तीन करोड़ से अधिक राशि खर्च की जाएगी। योजना के तहत गोलचक्करों के आसपास लैंडस्केप वाले लान विकसित किए जाएंगे। सजावटी पेड़-पौधे, झाड़ियां और मौसमी फूल लगाए जाएंगे। इनके रखरखाव की भी व्यवस्था होगी।

इसके अलावा आकर्षक नाम पट्टिकाएं, दिशा सूचक बोर्ड, सजावटी बोलार्ड, बैठने के लिए बेंच और कूड़ेदान लगाए जाएंगे। फर्श को आकर्षक बनाने के लिए ग्रेनाइट, सैंडस्टोन और सजावटी कंक्रीट का सीमिट क्षेत्र में इस्तेमाल किया जाएगा। जरूरत के अनुसार कर्ब स्टोन और सुरक्षा के लिए दीवारें भी बनाई जाएंगी।

हरियाली के लिए लगेंगे खास सिस्टम

हरियाली को बनाए रखने के लिए ड्रिप सिंचाई और स्प्रिंकलर सिस्टम लगाए जाएंगे। पानी के भंडारण के लिए भूमिगत या ऊपरी टैंक भी बनाए जा सकेंगे।

रात में गोलचक्करों को आकर्षक बनाने के लिए सजावटी एलईडी पोल लाइट, पेड़ों और मूर्तियों के लिए विशेष रोशनी तथा हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। भूमिगत बिजली केबल भी बिछाई जाएंगी। इससे चौराहों की सुंदरता बढ़ने के साथ रात में दृश्यता बेहतर होगी।

पैदल यात्रियों को भी मिलेगा लाभ

इस योजना का एक महत्वपूर्ण पहलू फुटपाथों का पुनर्विकास है। इससे गोलचक्करों के आसपास पैदल चलने वालों को बेहतर और व्यवस्थित रास्ता मिलेगा। फुटपाथों को दुरुस्त करने और यातायात के सुचारु संचालन पर ध्यान देने से पैदल यात्रियों तथा वाहन चालकों के बीच टकराव की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। वहीं, बेहतर साइनेज से वाहन चालकों को रास्तों की पहचान करने में आसानी होगी।

इन 24 स्थानों पर होगा काम

मिहिर भोज चौक, सफदरजंग टर्मिनल, शिव-मंदिर मार्ग, जल विहार, आश्रम चौक गोलचक्कर, मूलचंद और एवेन्यू रोड स्थित टी-जंक्शन, मथुरा रोड पर राजदूत होटल के पास, रिंग रोड पर विनोबापुरी, रिंग रोड का एसईआर-1, कालकाजी टी-प्वाइंट, इरोज होटल के पास चौक, बीआरटी रोड, राजा धीर सेन मार्ग, हंसराज गुप्ता मार्ग, हंसराज सेठी मार्ग की पहली रोटरी, हंसराज सेठी मार्ग की दूसरा रोटरी, नेहरू प्लेस का पहला आइलैंड, नेहरू प्लेस का दूसरा आइलैंड, कालकाजी टी-प्वाइंट का पहला आइलैंड और कालकाजी टी-प्वाइंट का दूसरा आइलैंड आदि शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- बेसहारा बुजुर्गों का सहारा बनेगी दिल्ली सरकार, 5 नए वृद्धाश्रम बनाने की तैयारी; मुफ्त भोजन समेत मिलेंगी ये सुविधाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।