विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेसहारा बुजुर्गों का सहारा बनेगी दिल्ली सरकार, 5 नए वृद्धाश्रम बनाने की तैयारी; मुफ्त भोजन समेत मिलेंगी ये सुविधाएं

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:57 PM (IST)

दिल्ली सरकार बेसहारा बुजुर्गों के लिए पांच नए वृद्धाश्रम बनाने की तैयारी कर रही है। इन आश्रमों में मुफ्त आवास, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

दिल्ली सरकार बनाएगी पांच नए वृद्धाश्रम। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली सरकार बनाएगी पांच नए वृद्धाश्रम। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली सरकार बनाएगी पांच नए वृद्धाश्रम बेसहारा ।

  2. कुल 11 परियोजनाओं पर 2100 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

  3. बुजुर्गों को मुफ्त आवास, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में बदलते सामाजिक परिवेश के बीच बुजुर्गों के सामने अकेलेपन और असहाय होने की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। उम्र के इस पड़ाव पर जिन माता-पिता को अपनों के साथ और देखभाल की जरूरत होती है, उनमें से कई को अपने ही लोग बेसहारा छोड़ रहे हैं।

परिवार से बिछड़ने और देखभाल के अभाव में जिंदगी गुजार रहे ऐसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए अब दिल्ली सरकार सहारा मजबूत करने की तैयारी कर रही है। सरकार राजधानी में पांच नए वृद्धाश्रम (ओल्ड एज होम) बनाएगी।

दिल्ली में पांच नए वृद्धाश्रम बनाने की योजना

दिल्ली सरकार की योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों और बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित लोगों के लिए कुल 11 परियोजनाओं पर काम किया जाएगा। इन पर करीब 2100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

इनमें पांच नए वृद्धाश्रम शामिल हैं। अभी समाज कल्याण विभाग की ओर से दिल्ली में पांच वृद्धाश्रम संचालित किए जा रहे हैं। नए आश्रम बनने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।

इन इलाकों में बनेगा वृद्धाश्रम

समाज कल्याण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पांचों वृद्धाश्रम डेरा मंडी (छतरपुर), वसंत कुंज, जनकपुरी, गीता कालोनी और रोहिणी सेक्टर-4 में बनाए जाएंगे। इनमें महिला और पुरुष वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। बुजुर्गों को यहां मुफ्त आवास, भोजन, कपड़े, बिस्तर और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके साथ ही टीवी, रेडियो, पुस्तकालय, भजन-कीर्तन और मनोरंजन केंद्र भी होंगे। बुजुर्गों की उम्र और जरूरत को देखते हुए स्वास्थ्य जांच और फिजियोथेरेपी की सुविधा भी दी जाएगी।

इसके अलावा दिव्यांगजनों और बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित लोगों के लिए छह अन्य परियोजनाओं पर भी काम होगा। इनमें आवासीय संस्थान, चिकित्सा, पुनर्वास और कौशल प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जाएंगे।

इन 6 योजनाओं पर भी होगा काम

  1. किंग्सवे कैंप में दिव्यांगजनों के लिए एकीकृत परिसर का विकास, जिसमें आवासीय, चिकित्सा, पुनर्वास एवं कौशल प्रशिक्षण की सुविधाएं होंगी। इसका विकास चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
  2. मामूरपुर में बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित महिला एवं पुरुषों के लिए आधुनिक आवासीय संस्थान का निर्माण।
  3. उस्मानपुर में बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित व्यक्तियों के लिए आवासीय संस्थान का निर्माण।
  4. रोहिणी में आशा किरण होम परिसर के स्थान पर भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए आधुनिक संस्थान का विकास।
  5. जल विहार में पुराने एवं अनुपयोगी भवन के स्थान पर कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण।
  6. सुभाष नगर में पुराने एवं अनुपयोगी भवन के स्थान पर नए कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र का विकास।

यह भी पढ़ें- रोहित गोदारा-लिपिन नेहरा गैंग के 5 शूटर गिरफ्तार, दिल्ली-NCR में बड़ी वारदातों की रच रहे थे साजिश; थार-हथियार बरामद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।