विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहित गोदारा-लिपिन नेहरा गैंग के 5 शूटर गिरफ्तार, दिल्ली-NCR में बड़ी वारदातों की रच रहे थे साजिश; थार-हथियार बरामद

Published: Sun, 29 Nov 2026 05:57 PM (IST)

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुख्यात रोहित गोदारा-लिपिन नेहरा गिरोह के पांच शूटरों को गिरफ्तार किया है। ये शूटर विदेश में बैठे अपने सरगनाओं के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर में बड़ी वारदातों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।

क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में रोहित गोदारा गिरोह के तीन शूटर। फोटो-दिल्ली पुलिस

क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में रोहित गोदारा गिरोह के तीन शूटर। फोटो-दिल्ली पुलिस 

HighLights

  1. रोहित गोदारा-लिपिन नेहरा गिरोह के पांच शूटर गिरफ्तार।

  2. दिल्ली-एनसीआर में बड़ी वारदातों की साजिश नाकाम की गई।

  3. अवैध हथियार, वाहन और कारतूस बरामद किए गए।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा–लिपिन नेहरा गिरोह के पांच शूटर को गिरफ्तार किया है।

विदेश में छिपे अपने सरगनाओं के निर्देश पर ये शूटर दिल्ली-एनसीआर में कई वारदातों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे, लेकिन पकड़ लिए जाने से इनकी साजिशों पर पानी फिर गया।

इनके कब्जे से पांच अत्याधुनिक अवैध हथियार, छह कारतूस, पांच खोखे, पांच मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल एक टोयोटा फार्च्यूनर और एक थार बरामद की गई हैं। पांचों काफी समय ने अपने सरगनाओं के संपर्क में थे।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

क्राइम ब्रांच के विशेष आयुक्त एचजीएस धालीवाल के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों में प्रदीप, समसपुर खालसा, नजफगढ़ व दिनेश उर्फ दीनू, देवसर,भिवानी, हरियाणा का रहने वाला है। दिनेश, पूर्व राष्ट्रीय स्तर का मुक्केबाज रहा है।

राजेश उर्फ छोटा, झज्जर का रहने वाला है यह हत्या के दो मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। निखिल उर्फ सत्ती, सेक्टर-99, गुरुग्राम का है और एमबीए पास है, इसे तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। नवीत उर्फ छोटू, सूरज नगर, गुरुग्राम में रह रहा था लेकिन मूलरूप से वह खरखौदा, सोनीपत का रहने वाला है।

दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियारों की तस्करी

दिल्ली-एनसीआर में रंगदारी और अवैध हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए डीसीपी (क्राइम ब्रांच) हर्ष इंदौरा, एसीपी भगवती प्रसाद व इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इनकी टीम को सूचना मिली कि विदेश में बैठे रोहित गोदारा और लिपिन नेहरा एन्क्रिप्टेड एप 'सिग्नल' के जरिए दिल्ली में अपने गुर्गों को बड़ी वारदात को अंजाम देने का निर्देश दे रहे हैं।

एक के बाद एक आरोपी गिरफ्तार

सूचना के आधार पर पुलिस ने द्वारका में पहले थार को रोककर नजफगढ़ निवासी प्रदीप को दबोच लिया। उसके पास से एक पिस्टल और चार कारतूस मिले। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी।

प्रदीप से पूछताछ के बाद पुलिस ने बिजवासन-छावला रोड से टोयोटा फार्च्यूनर सवार दिनेश उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया उसकी गाड़ी के डैशबोर्ड से एक पिस्टल, दो कारतूस और पांच खोखे बरामद हुए।

इसके बाद पुलिस टीम ने तिहाड़ जेल से हथियार सप्लायर निखिल उर्फ सत्ती और झज्जर के बादली से कुख्यात राजेश उर्फ छोटा को एक रिवाल्वर के साथ और गुरुग्राम से नवीत उर्फ छोटू को दो पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

विदेश भेजता था गुरुग्राम के व्यापारियों के डिटेल्स

धालीवाल का कहना है कि यह गिरोह दिल्ली और गुरुग्राम के बड़े व्यापारियों और प्रापर्टी डीलरों की रेकी कर उनकी जानकारी विदेश में बैठे रोहित गोदारा को भेजता था। इसके बाद व्यापारियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी जाती थी।

प्रदीप और दिनेश उर्फ दीनू मई 2024 में हरियाणा के फर्रुखनगर में दर्ज दो करोड़ रुपये की रंगदारी और हत्या के एक मामले में भी शामिल रहे हैं। दिनेश ने वहां वाई-फाई इंटरनेट सेवा की आड़ में किराए का मकान लेकर गिरोह के शूटरों को पनाह दी थी।

जेल के अंदर मिले थे बदमाश

जांच में सामने आया कि बदमाशों की मुलाकात भोंडसी और तिहाड़ जेल में बंद रहने के दौरान हुई थी। जेल से बाहर आने या पैरोल पर छूटने के बाद इन्होंने दोबारा गिरोह को सक्रिय किया और अवैध हथियारों की सप्लाई शुरू कर दी।

इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य गुर्गों और विदेशी नेटवर्क की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली: कूड़ा फेंकने के विवाद में BSF डिप्टी कमांडेंट के घर फायरिंग, बाल-बाल बचा परिवार; हमलावरों की तलाश शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।