विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली: कूड़ा फेंकने के विवाद में BSF डिप्टी कमांडेंट के घर फायरिंग, बाल-बाल बचा परिवार; हमलावरों की तलाश शुरू

By Mukesh ThakurEdited By: Kapil Kumar
Published: Sun, 29 Nov 2026 01:53 PM (GMT+05:30)

पश्चिमी दिल्ली के दीनपुर एक्सटेंशन में कूड़ा फेंकने के विवाद में एक पड़ोसी ने बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट के घर पर गोलीबारी की। घटना के समय घर में मौजूद डिप्टी कमांडेंट की पत्नी और बेटा बाल-बाल बच गए, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट के घर पर फायरिंग के निशान। जागरण

बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट के घर पर फायरिंग के निशान। जागरण

HighLights

  1. कूड़ा फेंकने के विवाद में पड़ोसी ने की गोलीबारी।

  2. बीएसएफ डिप्टी कमांडेंट के परिवार के सदस्य बाल-बाल बचे।

  3. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद किए।

मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली में छावला थाना क्षेत्र के दीनपुर एक्सटेंशन में कूड़ा फेंकने को लेकर चल रहे विवाद में एक पड़ोसी ने अपने साथियों के साथ बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट के घर पर गोलियां चला दीं।

जानकारी के अनुसार, गोलियां घर के लोहे के मुख्य गेट को भेदते हुए अंदर तक पहुंच गईं। घर के अंदर रखे फूलदान और अन्य सामान में गोलियां लगीं। घटना के समय घर में डिप्टी कमांडेंट की पत्नी और बेटा मौजूद थे।

गनीमत रही कि कोई गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी और परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। परिवार के सदस्यों का कहना है कि हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की। बेटे के पैर का ऑपरेशन हुआ है और वह घर पर ही था। पुलिस को घटनास्थल से तीन खाली कारतूस मिले हैं।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार, 28 नवंबर की रात करीब 10:23 बजे पुलिस को दीनपुर एक्सटेंशन में फायरिंग की पीसीआर कॉल मिली थी।

सूचना देने वाले 24 वर्षीय आदर्श ने बताया कि एक व्यक्ति उसके घर के सामने गोलियां चलाकर फरार हो गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद हुए। अपराध शाखा और एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

कूड़ा फेंकने को लेकर पुराना विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आदर्श और मुख्य आरोपी पड़ोसी हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि रात करीब 10:15 बजे जब आदर्श के घर का मुख्य दरवाजा बंद था, तभी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा।

उन्होंने पहले गाली-गलौज की और फिर घर के लोहे के गेट पर गोलियां चला दीं। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की। इसके बाद सभी मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।

आदर्श नोएडा से शारीरिक शिक्षा में स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता बीएसएफ में डिप्टी कमांडेंट हैं और वर्तमान में पंजाब के फाजिल्का में तैनात हैं। परिवार पिछले तीन वर्षों से दीनपुर एक्सटेंशन में रह रहा है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार, फायरिंग का मुख्य आरोपी छावला थाने का घोषित बदमाश है। पुलिस आरोपी और उसके साथियों की तलाश कर रही है। मामले में घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।