होली पर महिलाओं और बेटियों को दिल्ली सरकार का तोहफा, राष्ट्रपति मुर्मु ने लाॅन्च कीं 4 महत्वाकांक्षी योजनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इंदिरा गांधी स्टेडियम में दिल्ली सरकार की चार महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें मुफ्त बस ...और पढ़ें

इंदिरा गांधी स्टेडियम में दिल्ली सरकार के कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपर्दी मुर्मु, सीएम रेखा गुप्ता और एलजी वीके सक्सेना एवं अन्य। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इंदिरा गांधी स्टेडियम में सोमवार को दिल्ली सरकार की चार महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें मुफ्त बस यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड, मुक्त एलपीजी गैस सिलेंडर योजना, दिल्ली लखपति बिटिया योजना और ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ योजना शामिल हैं। होली पर महिलाओं और बेटियों को ये तोहफा मिला है।
राष्ट्रपति ने दिए लाडली योजना के चेक
राष्ट्रपति ने सोनल, सीमा, किरण, ईशा और वंदना को ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ के तहत लाडली योजना की राशि के चेक भी वितरित किए।इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नारी वंदन’ का नारा दिया है, जिसे दिल्ली सरकार ने अपनाया है। आज दिल्ली सरकार ने चार योजनाओं का शुभारंभ किया है।
दिल्ली की भाजपा सरकार के कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ नाम दिया गया है। इस दौरान मंच पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा व डॉ. पंकज सिंह और मुख्य सचिव राजीव वर्मा मौजूद रहे।
ये हैं दिल्ली सरकार की चार योजनाएं
1. मुफ्त बस यात्रा के लिए ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’
पिंक कार्ड के माध्यम से दिल्ली की महिला निवासी डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इसके साथ ही मेट्रो, रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और अन्य सार्वजनिक सेवा वाहनों में भुगतान कर यात्रा के लिए भी इसका उपयोग किया जा सकेगा।
इस योजना के तहत तीन प्रकार के मोबिलिटी कार्ड जारी किए जाएंगे। कार्ड को दिल्ली के पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क में मौजूदा ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम के साथ एकीकृत किया जाएगा। पिंक कार्ड मुफ्त दिया जाएगा और इसका खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी।
2. दिल्ली लखपति बिटिया योजना
इस योजना को ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ के रूप में पुनर्गठित किया गया है। पहले पात्र बालिका के नाम पर अस्पताल में जन्म होने पर 11,000 रुपये और घरेलू जन्म होने पर 10,000 रुपये जमा किए जाते थे।
नई योजना के तहत बालिका के नाम पर विभिन्न चरणों में कुल 56,000 रुपये जमा किए जाएंगे। ब्याज सहित 21 वर्ष की आयु तक यह परिपक्वता राशि एक लाख रुपये से अधिक होने की उम्मीद है।
3. होली और दीवाली पर दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर
इस योजना के तहत होली और दीवाली के अवसर पर दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को सालाना दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे।
एक एलपीजी सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर राशि परिवार के मुखिया के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में जमा की जाएगी, जिसके नाम पर राशन कार्ड जारी है। इस योजना से लगभग साढ़े 15 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
4. लाडली बिटिया को मिलेगा ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’
दिल्ली लाडली योजना के तहत 40,642 पात्र लाभार्थियों को 100.25 करोड़ रुपये डिजिटल माध्यम से उनके खातों में डाले जाएंगे। ये लाभार्थी काफी समय से अपनी परिपक्वता राशि प्राप्त नहीं कर पाई थीं।
यह राशि ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ के तहत प्रदान की जाएगी। वर्ष 2008 में शुरू की गई दिल्ली लाडली योजना का उद्देश्य बालिका के जन्म और शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के महत्वपूर्ण पड़ावों पर वित्तीय सहायता प्रदान करना है।
