विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किलकारी गूंजने से पहले मां की कोख में मौत की नींद सो गई बेटी, दिल्ली में डिलीवरी कराने जाते समय हुआ हादसा

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:07 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली में एक गर्भवती महिला सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिससे उसकी कोख में पल रही बच्ची की ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती राखी और उसके साथ मौजूद परिजन।

अस्पताल में भर्ती राखी और उसके साथ मौजूद परिजन।

HighLights

  1. गर्भवती महिला सड़क हादसे का शिकार, बच्ची की मौत।

  2. मां अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही।

  3. सोनिया विहार में डिलीवरी सुविधा की कमी उजागर।

शुजाउद्दीन, पूर्वी दिल्ली। जिस घर में कुछ घंटे बाद नवजात की किलकारी गूंजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। नौ माह तक कोख में पल रही बच्ची को जन्म लेने से पहले ही मौत ने छीन लिया। मां राखी अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है।

बृहस्पतिवार सुबह अस्पताल की इमरजेंसी में राखी को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। डॉक्टरों ने मुंह में अंबू बैग लगाया हुआ था। उसकी ननद रजनी और मां बबली बारी-बारी से बैग दबाकर उसे आक्सीजन दे रही थीं। कुछ पल के लिए राखी की आंखें खुलीं तो मानो वह अपनी उस बच्ची को तलाश रही थी, जिसे जन्म देने के लिए अस्पताल जा रही थी।

बबली रुंधे गले से बोलीं कि लापरवाह व्यवस्था ने उनकी नातिन की जान ले ली। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुश्ता रोड पर भारी वाहनों के चलने पर प्रतिबंध है तो वहां ऐसे वाहन कैसे चल रहे थे? उनकी बेटी का आखिर क्या कसूर था? हादसे में बच्ची की मौत नहीं, बल्कि व्यवस्था की लापरवाही से उसकी जान गई है।

थोड़ी देर होती तो जाती राखी की भी जान

बबली ने बताया कि राखी पति राजा के साथ चौहान पट्टी क्षेत्र में रहती है। बृहस्पतिवार को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में उसकी डिलीवरी होनी थी। डॉक्टरों ने तारीख दी हुई थी। दोनों सुबह करीब 4:45 बजे घर से साझा आटो में अस्पताल के लिए निकले थे।

रजनी ने बताया कि हादसे के बाद राहगीरों ने एंबुलेंस से राखी को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया। वहां आनन-फानन में आपरेशन हुआ। डॉक्टरों ने बताया कि हादसे में पेट में ही बच्ची की मौत हो गई। राखी को अस्पताल पहुंचाने में थोड़ी भी देर होती तो उसकी जान भी जा सकती थी। उसका डेढ़ वर्ष का एक बेटा भी है।

इलाज सोनिया विहार में, डिलीवरी के लिए जाना पड़ता है 14 किलोमीटर दूर

सोनिया विहार चौथे पुश्ते पर नगर निगम का प्रसूति केंद्र बना हुआ है। यहां गर्भवती महिलाओं का इलाज तो होता है, लेकिन डिलीवरी की सुविधा नहीं है। इसके लिए डॉक्टर महिलाओं को 14 किलोमीटर दूर जग प्रवेश चंद्र अस्पताल भेजते हैं। दैनिक जागरण इस समस्या को कई बार उठा चुका है।

आर्थिक रूप से कमजोर आबादी वाले इस क्षेत्र में प्रसूति केंद्र की पहली मंजिल पर डिलीवरी हाल और मरीजों के भर्ती होने के लिए कमरे बने हैं, लेकिन लिफ्ट, पर्याप्त डॉक्टर और कर्मचारी नहीं हैं। दिल्ली में कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन यहां डिलीवरी की सुविधा शुरू नहीं हो सकी। इसका खामियाजा क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के सोनिया विहार में डंपर-ऑटो की भिड़ंत, नवजात बच्ची समेत तीन की मौत और पांच घायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।