फर्जी रूसी विदेश मंत्री वीडियो साझा करने पर प्रशांत भूषण के खिलाफ एफआईआर
दिल्ली पुलिस ने वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण के खिलाफ रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का फर्जी वीडियो साझा करने के ...और पढ़ें

फर्जी रूसी विदेश मंत्री वीडियो साझा करने पर प्रशांत भूषण के खिलाफ एफआईआर ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
प्रशांत भूषण पर फर्जी वीडियो साझा करने का आरोप।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का एडिटेड वीडियो।
दिल्ली पुलिस ने भ्रामक जानकारी फैलाने पर एफआईआर की।
मोहम्मद शाकिब, नई दिल्ली। इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक और फर्जी वीडियो साझा करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मामला रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के एक एडिटेड वीडियो से जुड़ा है, जिसे प्रशांत भूषण ने अपने एक्स हैंडल पर साझा किया था। पुलिस का आरोप है कि वीडियो के जरिये भारत की विदेश नीति और रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर गलत और भड़काऊ जानकारी प्रसारित करने की कोशिश की गई।
शुरुआती जांच में वीडियो फर्जी निकला
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को नियमित साइबर पेट्रोलिंग के दौरान एक इंटरनेट मीडिया पोस्ट के जरिये यह मामला संज्ञान में आया। पोस्ट में दावा किया गया था कि प्रशांत भूषण के एक्स हैंडल से रूसी विदेश मंत्री का छेड़छाड़ किया गया वीडियो साझा किया गया है।
शुरुआती जांच में वीडियो फर्जी पाया गया। इसके बाद स्पेशल सेल की नई दिल्ली रेंज में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
प्रशांत भूषण ने वीडियो साझा करते हुए टिप्पणी की थी कि रूसी विदेश मंत्री ने भारत को करारा तमाचा मारा है। वीडियो में लावरोव को भारत को रूस का महज व्यापारिक साझेदार बताते हुए उसकी विदेश नीति पर सलाह देने के अधिकार से इनकार करते दिखाया गया था।
इससे पहले विदेश मंत्रालय भी पोस्ट का फैक्ट चेक कर वीडियो को फर्जी बता चुका है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धाराओं 336(4) कूटरचना, 353(1)(सी) झूठी सूचनाओं के प्रसार, 356 मानहानि और 340(2) फर्जी दस्तावेजों और इलेक्ट्रानिक रिकार्ड के इस्तेमाल और आईटी एक्ट की धारा 66सी के तहत केस दर्ज किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।