विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली-छठ पर सफर रहेगा आसान, 12 दिन निर्बाध चलेंगी रोडवेज की 41 बसें

By Anuj Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 05 Nov 2026 05:00 AM (IST)

शामली डिपो त्योहारों के लिए पूरी तरह तैयार है, सभी 41 बसें निर्बाध चलेंगी और यात्रियों की संख्या बढ़ने पर ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. जिले में यात्रियों की संख्या बढ़ी तो सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व खतौली डिपो से मंगाएंगे रोडवेज बसें

  2. चालकों-परिचालकों के अवकाश किए निरस्त, 12 दिन ड्यूटी पर मिलेगा 4800 रुपये तक का बोनस

जागरण संवाददाता, शामली। त्योहारों के सीजन में घर जाने वालों के लिए राहत भरी खबर है। दीवाली, भैय्यादूज और छठ पर्व पर यात्रियों की सहूलियत के लिए शामली डिपो की सभी 41 बसें सड़कों पर निर्बाध दौड़ेंगी, ताकि किसी भी यात्री को परेशानी न हो। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर नजदीकी डिपो से हाथों हाथ बसें मंगाई जाएगी। वहीं, रोडवेज निगम ने 12 दिवसीय प्रोत्साहन योजना लागू कर दी है।

रोडवेज निगम ने यात्रियों के सुगम सफर के साथ-साथ अपने कर्मचारियों का भी पूरा ख्याल रखा है। आगामी छह से 17 नवंबर तक लागू इस योजना में नियमित, संविदा और आउटसोर्सिंग चालक-परिचालकों को काम के हिसाब से आकर्षक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके तहत जो चालक-परिचालक 12 दिन ड्यूटी कर 3600 किलोमीटर बस चलाएंगे, उन्हें 4800 रुपये का एकमुश्त बोनस मिलेगा।

वहीं 11 दिन ड्यूटी कर 3300 किलोमीटर का मानक पूरा करने वालों को 4400 रुपये दिए जाएंगे। मानक से ज्यादा दूरी तय करने वाले संविदा और आउटसोर्सिंग चालकों-परिचालकों को 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त मानदेय मिलेगा। यहीं नहीं बसों को फिट रखने वाले वर्कशाप कर्मचारियों को 12 दिन ड्यूटी पर 2500 रुपये और 11 दिन काम करने पर 2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

त्योहारों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए शामली बस स्टेशन से सभी 41 बसों का संचालन पूरी क्षमता से किया जाएगा। डिपो प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी रूट पर यात्रियों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यदि किसी रूट पर अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ती है, तो मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और बागपत डिपो से अतिरिक्त बसें तुरंत मंगाई जाएंगी।

स्टेशन प्रभारी राजेंद्र चौहान ने बताया कि त्योहार के दौरान अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी कर्मचारी का अवकाश मंजूर नहीं किया जाएगा। प्राथमिकता है हर यात्री को उसकी मंजिल तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाया जाए।

त्योहारों के मद्देनजर रोडवेज में बढ़ी भीड़
जिले के रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है। आगामी छह से 12 नवंबर तक बसें निर्बाध चलने का दावा किया जा रहा है, वहीं इससे पहले ही रोडवेज में यात्री लटककर जाने को मजबूर हो रहे है। बुधवार को यात्रियों की भीड़ रहीं। वहीं अधिकारियों ने बसों के फेरे भी बढ़ाए, ताकि यात्रियों को सहूलियत रहें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।