विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोरोना के बाद बदल गया मच्छरजनित बीमारियों का 'मिजाज', डेंगू धीमा तो मलेरिया ने बढ़ाई चिंता

Published: Thu, 19 Nov 2026 08:40 AM (IST)

कोरोना महामारी के बाद मच्छरजनित बीमारियों का मिजाज बदला है; डेंगू की रफ्तार धीमी हुई जबकि मलेरिया, चिकनगुनिया और जापानी ...और पढ़ें

डेंगू फैलाने वाले वायरस के आनुवंशिक स्वरूप में बदलाव ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। एआई इमेज

डेंगू फैलाने वाले वायरस के आनुवंशिक स्वरूप में बदलाव ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। एआई इमेज

HighLights

  1. कोरोना के बाद मच्छरजनित बीमारियों का मिजाज तेजी से बदला।

  2. डेंगू की वृद्धि धीमी हुई, मलेरिया और चिकनगुनिया बढ़े।

  3. जलवायु परिवर्तन और वायरस के आनुवंशिक बदलाव प्रमुख कारण।

अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। कोरोना महामारी के बाद मच्छरजनित बीमारियों का मिजाज बदलने के संकेत मिले हैं। डेंगू के बढ़ने की रफ्तार धीमी हुई जबकि मलेरिया महामारी के बाद वह बढ़ने लगा, जो कोरोना से पहले घट रहा था।

यही हाल चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस का भी है। डेंगू फैलाने वाले वायरस के आनुवंशिक स्वरूप में बदलाव और उस पर मौसम के बदलते मिजाज से पड़ रहे असर ने चिंता बढ़ा दी है।

जलवायु परिवर्तन और निगरानी व्यवस्था की कमजोरी

कोरोना महामारी के बाद मच्छरजनित बीमारियों की चुनौती केवल संक्रमण तक सीमित नहीं है, बल्कि वायरस के बदलते स्वरूप, जलवायु परिवर्तन और निगरानी व्यवस्था की कमजोरियां भी इससे जुड़ गई हैं।

एमसीडी के चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. अशोक रावत के अनुसार कोरोना के बाद डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की संवेदन और प्रभावशीलता घटी। इसके साथ ही डेंगू के गंभीर रूप डेंगू हेमरेजिक फीवर (डीएचएफ) और डेंगू शाॅक सिंड्रोम (डीएसएस) के मामले भी घटे हैं, जबकि बचाव के उपायों में लोगों की भागीदारी भी बढ़ी है।

घटता मलेरिया बढ़ने लगा

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के वेक्टर कंट्रोल रिसर्च सेंटर के जनवरी 2026 के अध्ययन में 2014 से 2024 के बीच पांच मच्छरजनित बीमारियों का विश्लेषण किया गया।

वर्ष 2020 को अलग रखकर महामारी से पहले और बाद की स्थिति की तुलना की गई। इसमें मलेरिया का घटता रुझान महामारी के बाद बढ़ने की दिशा में दिखा। चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस में भी वृद्धि के संकेत मिले, जबकि डेंगू के मामलों में वृद्धि की गति धीमी रही।

डेंगू वायरस के सीरोटाइप में आनुवंशिक बदलाव

एनसीआर में वर्ष 2023 के 4045 नमूनों की जांच में 3702 (91.5 प्रतिशत) में डेंगू वायरस का सीरोटाइप-2 मिला। सीएसआइआर-आइजीआइबी के अध्ययन में वायरस के ई, एनएस4बी और एनएस5 जीन हिस्सों में गंभीर संक्रमण से जुड़े आनुवंशिक बदलाव पाए गए।

घटे मच्छरों के प्रजनन स्थल

मौलाना आजाद मेडिकल कालेज की डाॅ. ब्राताती बनर्जी के अध्ययन में संजय कालोनी के 314 लोगों को शामिल किया गया। अगस्त 2020 से सितंबर 2021 तक चलाए गए जागरूकता अभियान के बाद मच्छरों वाले घरों का प्रतिशत 21.65 से घटकर 4.45 रह गया।

कोरोना संक्रमण से प्रतिरोधक क्षमता का संकेत

एम्स दिल्ली और पीजीआइ चंडीगढ़ के 44 बच्चों पर हुए अध्ययन में 30 को गंभीर डेंगू हुआ, 20 को सदमा लगा और चार की मृत्यु हुई। इनमें 15 बच्चों में कोरोना संक्रमण के संकेत मिले, लेकिन इस समूह में किसी की मृत्यु नहीं हुई। शोधकर्ताओं ने इसे प्रतिरोधक क्षमता के संभावित प्रभाव से जोड़कर देखा।

मौसम बढ़ा रहा संक्रमण का खतरा

सफदरजंग अस्पताल के शोध में तापमान, बारिश और आर्द्रता का डेंगू संक्रमण से संबंध पाया गया। मानसून के दौरान मामले बढ़ते हैं और सितंबर-अक्टूबर में चरम पर पहुंचते हैं। जमा पानी, अनुकूल तापमान और नमी मच्छरों के प्रजनन को बढ़ावा देते हैं।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति ने मौत की सजा बदली उम्रकैद में, लगाई जीवनभर जेल की शर्त; दिल्ली HC ने ठुकराई चुनौती

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान और दुबई के नंबरों से काॅल कर 10 गुना मुनाफे का दिया झांसा, दिल्ली की महिला से 13 लाख की ठगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।