विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में फर्जी सिम गैंग पर एक्शन: साइबर अपराधियों को सिम बेचने वाला पीओएस एजेंट गिरफ्तार

Published: Sun, 05 Jul 2026 08:18 PM (IST)

मध्य जिले की साइबर पुलिस ने एक टेलीकॉम पीओएस एजेंट शिवा को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से सिम कार्ड एक्टिवेट कर साइबर ठगों को बेचता था। इन सिम कार्डों का उपयोग विभिन्न राज्यों में 18 से अधिक साइबर धोखाधड़ी के मामलों में किया गया था।

साइबर ठगों को सप्लाई करने वाले टेलीकॉम पॉइंट आफ सेल (पीओएस) एजेंट को गिरफ्तार।

साइबर ठगों को सप्लाई करने वाले टेलीकॉम पॉइंट आफ सेल (पीओएस) एजेंट को गिरफ्तार।

HighLights

  1. साइबर पुलिस ने अवैध सिम एक्टिवेट करने वाले एजेंट को पकड़ा।

  2. आरोपी केवाईसी नियमों का उल्लंघन कर सिम बेचता था।

  3. इन सिमों का उपयोग 18 से अधिक साइबर ठगी में हुआ।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य जिले की साइबर थाना पुलिस की टीम ने सिम कार्ड को अवैध तरीके से एक्टिवेट कर साइबर ठगों को सप्लाई करने वाले टेलीकॉम पॉइंट आफ सेल (पीओएस) एजेंट को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बलजीत नगर के शिवा के रूप में हुई है। आरोपित केवाईसी और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रोसेस का पालन किए बिना पहले से एक्टिवेट सिम कार्ड को गैर-कानूनी तरीके से एक्टिवेट करता था।

पुलिस जांच में पता चला है कि इन सिम कार्ड का इस्तेमाल अलग-अलग राज्यों से आई 18 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतों में किया गया था। पुलिस इससे पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य आरोपितों और साइबर ठगी करने वाले जालसाजों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

 निर्दोष लोगों के नाम पर सक्रिय किए गए सिम कार्ड देते थे

उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, दिल्ली में कार्यरत ऐसे टेलीकाम पीओएस एजेंटों के बारे में पता किया जा रहा था, जिनके माध्यम से जारी सिम कार्ड बार-बार साइबर अपराधों में उपयोग हो रहे थे। जांच के दौरान शिवा सिम्स, नीतीश टेलीकाम और शिवम टेलीकाम संदेह के दायरे में आए। जांच में पता चला कि निर्दोष लोगों के नाम पर सक्रिय किए गए सिम कार्ड स्थानीय और अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जा रहे थे।

पुलिस की जांच में सामने आया कि शिवम टेलीकाम के माध्यम से अवैध रूप से सक्रिय किए गए 11 सिम कार्ड देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 18 साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल हुए थे। उसके बाद दो जुलाई को आरोपित शिवा को हिंदूराव अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

सड़क किनारे लगाता था स्टॉल, 500 से 600 रुपये में बेचता था सिम

पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि वह अस्थायी सड़क किनारे स्टाल लगाकर शिवम टेलीकाम के नाम से लाइसेंसधारी टेलीकाम पीओएस एजेंट के रूप में काम कर रहा था। वह ग्राहकों के पहचान दस्तावेज और बायोमेट्रिक जानकारी का दुरुपयोग कर उनकी जानकारी और सहमति के बिना अतिरिक्त सिम कार्ड सक्रिय करता था। इसके बाद वह इन प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्डों को 500 से 600 रुपए प्रति सिम के हिसाब से बिचौलियों और साइबर अपराधियों को बेच देता था।

आरोपित जानबूझकर केवाईसी और बायोमेट्रिक सत्यापन के नियमों का उल्लंघन करता था। वह असली ग्राहकों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर अतिरिक्त सिम कार्ड सक्रिय करता और उन्हें साइबर ठगों तक पहुंचाता था। इन सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर अपराधी लोगों से संपर्क करने, वित्तीय धोखाधड़ी करने, डिजिटल पेमेंट अकाउंट खोलने और अपनी पहचान छिपाने के लिए करते थे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में तीसरी मंजिल से गिरने के बाद महिला की मौत, परिवार ने लगाया हत्या और दहेज का आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।