विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम श्री विद्यालय के कैंपस में करोड़ों की सेंधमारी, शिक्षिका के घर से 160 तोला सोना और 8 किलो चांदी ले गए चोर

Published: Wed, 14 Oct 2026 10:37 AM (IST)

द्वारका के जाफरपुर स्थित पीएम श्री विद्यालय कैंपस में बड़ी सेंधमारी हुई है, जहां एक शिक्षिका के घर से 160 ...और पढ़ें

पीएम श्री स्कूल कैंपस में बड़ी चोरी

पीएम श्री स्कूल कैंपस में बड़ी चोरी

HighLights

  1. द्वारका के पीएम श्री विद्यालय कैंपस में सेंधमारी

  2. शिक्षिका के घर से 2.5 करोड़ के गहने चोरी

  3. पुलिस और विजिलेंस टीम मामले की जांच में जुटी

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। द्वारका के जाफरपुर स्थित राव तुलाराम के जवाहर नवोदय विद्यालय (पीएम श्री विद्यालय) के कैंपस में सेंधमारी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर कैंपस में रहने वाली एक शिक्षिका के घर से करीब 160 तोला सोना, आठ किलो चांदी और 85 हजार रुपये नकद ले गए।

शिक्षिका ममता यादव के मुताबिक, चोरी हुए सोना और चांदी की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये है। इस दौरान चोरों ने एक ही रात में कैंपस के दो और घरों को निशाना बनाया। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और विजिलेंस की टीम जांच में जुट गई है।

11 अक्टूबर को मिली घटना की सूचना

जानकारी के अनुसार, ममता यादव नौ अक्टूबर की सुबह वह अपनी बहन के फरीदाबाद स्थित घर गई थीं। दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के चलते मेट्रो और ट्रेन सेवाएं बाधित होने के कारण वह वह वहीं रुक गई। इसके बाद 11 अक्टूबर को विद्यालय की ओर से फोन कर उन्हें घर में सेंधमारी की सूचना दी गई।

बताया गया कि घर का दरवाजा खुला हुआ है। घर पहुंचने पर सारा सामान बिखरा मिला, वही आलमारी के लाकर में रखे सोना व चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले। ममता यादव ने बताया कि घर से ले जाए गए आभूषण उनकी जीवनभर की कमाई थे।

इनमें उनके बेटे और बहू को उपहार में मिले सोने के आभूषण भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चोरी हुए आभूषणों में से करीब 90 प्रतिशत के कागजात उनके पास मौजूद हैं।

विजिलेंस टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

जांच के दौरान पुलिस के साथ ही विजिलेंस की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाए जाने के कारण पुलिस वारदात के तरीके और कैंपस में संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। अन्य दो घर भी स्कूल स्टाफ के हैं, जहां से चोर बाहर रखे कुछ सामान ही ले जा सके।

वहीं, पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना की जांच हर एंगल से की जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शिक्षिका द्वारा घर में इतनी मात्रा में एक साथ सोना और चांदी रखे जाने की जानकारी उनके परिवार और नजदीकी के अलावा किसी को नहीं थी।

लेकिन, चोरों ने बड़े सटीक तरीके से उनके उसी आलमारी पर हाथ साफ किया जिसमें यह कीमती सामान थे। पुलिस मामले की टेक्निकल और मैनुअल दोनों माध्यम से कर रही है।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में फैक्ट्री के बाहर से लोहे का गेट चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर

यह भी पढ़ें- दिल्ली के कैंसर अस्पताल की सुरक्षा में बड़ी चूक, लाखों का निमोटुजुमैब इंजेक्शन चोरी; जांच में जुटी पुलिस