'प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत मिशन से दिल्ली में आया बदलाव', CM रेखा गुप्ता ने गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली का व्यापक विकास हुआ है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छता ...और पढ़ें
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत का मिशन प्रत्येक राज्य और प्रत्येक नागरिक का मिशन बन गया है। प्रधानमंत्री ने विगत 12 वर्षों में शासन और सेवा की नई परिभाषा दी। पहले वैश्विक मंच पर सिर्फ अपनी उपस्थिति दर्ज कराता था। आज वैश्विक मामलों को प्रभावित करता है।
प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली को विकास से जोड़ा है। पूर्व की सरकारों ने दिल्ली की समस्याओं का समाधान नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी के सहयोग से समस्याओं का समाधान हो रहा है। दिल्ली का विकास हो रहा है। अमृत 2 योजना के अंतर्गत झुग्गी बस्तियों में सीवर सुविधा और एसटीपी के लिए तीन हजार करोड़ दिए हैं।
कूड़े का निस्तारण के लिए 15 सौ करोड़ मिले
स्वच्छ भारत मिशन के तहत कूड़े का निस्तारण के लिए 15 सौ करोड़ मिले हैं। इससे कूड़े के पहाड़ हटाए जा रहे हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 821 करोड़ का फंड पिछले वर्ष मिला है। इस वर्ष इसमें और वृद्धि होगी। दिल्ली में मेट्रो का विस्तार लगभग पांच सौ किलोमीटर होने वाला है। 180 किलोमीटर का काम चल रहा है।
पिछले 12 वर्षों में सवा लाख करोड़ रुपये सड़क परियोजनाओं के लिए मिला है। यूईआर 2, द्वारका एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न और वेस्टर्न एक्सप्रेसवे, मेरठ एक्सप्रेसवे आदि का निर्माण होने से दिल्ली में जाम की समस्या दूर होने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण में मदद मिल रही है। दिल्ली एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाने के लिए 12 हजार करोड़ का निवेश किया गया है। भारत मंडपम, यशो भूमि, आंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर बनाए गए।
43 हजार लोगों का आयुष्मान भारत के अंतर्गत नि:शुल्क उपचार
केंद्र से दिल्ली को 4550 इलेक्ट्रिक बसें मिली। 361 बसों की मंजूरी मिल चुकी है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत दो लाख रेहड़ी पटरी वालों को ऋण। दिल्ली पिछले एक साल में 43 हजार लोगों का आयुष्मान भारत के अंतर्गत नि:शुल्क उपचार मिल सका है। दिल्ली में 1511 अनधिकृत कालोनियों को नियमित किया गया है। ईज़ आफ डूइंग बिजनेस के लिए लाइसेंसिंग प्रक्रिया को सरल किया गया है।
8700 रूफटॉप सोलर पैनल लगाए गए हैं। बेटियों में सर्विकल कैंसर रोकने के लिए टीकाकरण। समग्र शिक्षा योजना का लाभ दिल्ली को मिल रहा है। नए केंद्रीय विद्यालय को मंजूरी। नमामि योजना के अंतर्गत जल बोर्ड को 12 सौ करोड़ दिए गए हैं। वायु प्रदूषण के समाधान और यमुना की सफाई के लिए पड़ोसी राज्यों का सहयोग जरूरी। प्रधानमंत्री के निर्देश पर समन्वय समिति बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि देश में शहरी यातायात में विस्तार किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 26 शहरों में मेट्रो सेवा शुरू हो गई है। उड़ान योजना से आम नागरिक हवाई यात्रा कर रहा है और 164 एयरपोर्ट बन गए हैं। भारत ग्लोबल निर्माण हब बन रहा है।सेमी कंडक्टर 1.64 लाख करोड़ का निवेश हुआ है।
उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में डिफेंस कॉरिडोर बनाया गया
उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में डिफेंस कारिडोर बनाया गया और 100 देशों में रक्षा उपकरण निर्यात हो रहा है। दो लाख से अधिक स्टार्टअप शुरू हुए है। युवा नौकरी मांगने वाले की जगह नौकरी देने वाले बन रहे हैं। विकास के साथ ही विरासत का संरक्षण किया जा रहा है।
वाराणसी काशी विश्वनाथ, उज्जैन महाकाल कोरिडोर और बाबा वैद्यनाथ धाम का विकास किया गया। पिछले 12 वर्षों में 25 लाख से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया गया। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ। आयुष्मान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ 64 करोड़ लोगों को लाभ मिला।
देशभर में 23 नए एम्स बन चुके हैं। कई मेडिकल कालेज को स्वीकृति मिली है। इंद्रधनुष योजना के अंतर्गत पांच करोड़ बच्चों का टीकाकरण हुआ। 16 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया गया है।
पिछले 12 वर्षों में 2500 किलोमीटर एक्सप्रेसवे बना
केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सभी गांवों को सड़क से जोड़ा गया है। इससे किसानों को अपने उत्पाद को बाजार पहुंचाने में आसानी हो रही है। 92 किलोमीटर एक्सप्रेसवे था और पिछले 12 वर्षों में 2500 किलोमीटर एक्सप्रेसवे बना। प्रति दिन 32 किलोमीटर हाइवे बन रहे हैं।
मेरठ एक्सप्रेसवे बनने से दिल्ली से मेरठ एक घंटे में पहुंच सकते हैं। देहरादून एक्सप्रेसवे बनने से ढाई घंटे में देहरादून पहुंच सकते हैं। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे बनने के बाद 12 घंटे में मुंबई पहुंच सकेंगे। 2028 से पहले कूड़े के पहाड़ समाप्त हो जाएगा। 20 लाख टन कूड़े का उपयोग सड़क निर्माण में किया गया। दिल्ली को जाममुक्त करने के लिए 35 हजार करोड़ का प्लान बनाया गया है।
पंजाबी बाग से टीकरी बार्डर, आइएमए से महिपालपुर, कालिंदी कुंज को जाम मुक्त करने का काम चल रहा है। शिव मूर्ति से नेल्सन मंडेला पार्क तक टनल बनने से गुरुग्राम से दिल्ली आना जाना सुगम होगा। ढाई लाख घरों को बिजली कनेक्शन नहीं मिल रहा था। रेखा गुप्ता सरकार ने इस समस्या का समाधान किया है।
