विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के वसंत कुंज के होटल में पायलट की संदिग्ध मौत, भाई का फोन न उठाने पर पुलिस को मिली सूचना

Published: Sat, 12 Sep 2026 06:24 PM (IST)

दिल्ली के वसंत कुंज स्थित 'होटल द ग्रैंड' में एक एयरलाइन पायलट संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। पुलिस ने ...और पढ़ें

शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रतीकात्मक तस्वीर

शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. वसंत कुंज के 'द ग्रैंड' होटल में एयरलाइन पायलट मृत मिले।

  2. भाई के फोन न उठाने पर होटल स्टाफ ने कमरा खोला।

  3. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू की है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी के वसंत कुंज नॉर्थ थाना क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में ठहरा एयरलाइन का एक पायलट (कैप्टन) संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

होटल के कमरे में बेसुध मिला पायलट

घटना शुक्रवार की है। वसंत कुंज स्थित 'होटल द ग्रैंड' के एक कमरे में ठहरे मेहमान की तबीयत खराब होने की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को मिली। सूचना मिलते ही वसंत कुंज नॉर्थ थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे के भीतर एयरलाइन कैप्टन बेसुध और अचेत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

भाई के फोन न उठाने पर खुला मामला

जानकारी के अनुसार, मृतक एयरलाइन में कैप्टन के पद पर तैनात थे और गुरुवार को होटल में चेक-इन किया था। शुक्रवार की शाम को मृतक के भाई ने होटल मैनेजर से संपर्क किया और बताया कि कैप्टन उनका फोन नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद जब मैनेजर कमरे के पास पहुंचे, तो वह अंदर से लॉक था। मास्टर की की मदद से दरवाजा खोला गया, जहां पायलट अचेत अवस्था में पड़े मिले।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार 

घटना के बाद क्राइम टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए। शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारणों का पता अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस बीएनएसएस की धारा 194 के तहत इन्क्वेस्ट कार्यवाही कर मामले की आगे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में कंस्ट्रक्शन वर्कर्स की बल्ले-बल्ले, परिवार को मिलेगा 10 लाख तक का कैशलेस इलाज; LG ने दी मंजूरी

यह भी पढ़ें- दिल्ली के करावल नगर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, सामने आई वारदात की बड़ी वजह