पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर बना दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर, डिजिटल माध्यम से मिलेगी प्रकृति की जानकारी
पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर का उद्घाटन हुआ है, जो नागरिकों को रिज के पारिस्थितिक महत्व और इतिहास के बारे में जागरूक करेगा।

मेट्रो स्टेशन पर जान सकेंगे दिल्ली रिज का महत्व। (AI Generated Image)
HighLights
पटेल चौक मेट्रो पर दिल्ली रिज व्याख्या केंद्र का उद्घाटन।
नागरिकों को रिज के पारिस्थितिक महत्व और इतिहास से अवगत कराना।
केंद्र में डिजिटल माध्यम से जैव विविधता और संरक्षण की जानकारी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली रिज क्षेत्र के संरक्षण और आम नागरिकों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार द्वारा रिज में पारिस्थितिक संतुलन को पुनर्जीवित करने के लिए चार वर्षीय पारिस्थितिक बहाली योजना शुरू की है।
इसके अंतर्गत विलायती कीकर को हटाकर नीम, पीपल, जामुन जैसे वृक्ष लगाए जा रहे हैं। वहीं, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर रिज क्षेत्र की पारस्थितिक विशेषता और इसके महत्व की जानकारी मिलेगी।
इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने यहां रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर (आधुनिक व्याख्या केंद्र) स्थापित किया है। इसमें डिजिटल माध्यम से लोगों को जानकारी मिलेगी।
मंगलवार को किया गया उद्घाटन
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर केंद्रीय पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति (सीईसी) की सिफारिश पर इस केंद्र की स्थापना की गई है। मंगलवार को इसका उद्घाटन किया गया।
इसका उद्देश्य दिल्ली के पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में रिज की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में आम नागरिकों में जागरूक और शिक्षित करना है। इस केंद्र में कुल छह जोन हैं। पहले जोन में दिल्ली रिज के सांस्कृतिक, भूगोलिक और पारिस्थितिक महत्व की जानकारी दी गई है।
अरावली पर्वतमाला और दिल्ली रिज का इंटरैक्टिव डिजिटल मानचित्र है। दूसरे जोन में डिजिटल स्टोरी टेलिंग माध्यम से रिज की समृद्ध जैव विविधता, पारिस्थितिक तंत्र, वनस्पतियों, जीवों और भूवैज्ञानिक विशेषताओं की जानकारी दी जाती है।
तीसरे जोन में इसे संरक्षित करने के प्रयास और इससे संबंधित कानूनी प्रविधान को बताया गया है। चौथे जोन में इसके संरक्षण में तकनीक की मदद की जानकारी और पांचवें जोन में रिज क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक स्मारकों और सांस्कृतिक स्थलों के बारे में जानकारी मिलती है।
अंतिम जोन में पर्यावरण संरक्षण को लेकर डीएमआरसी के योगदान को प्रदर्शित किया गया है।
सुबह 10 से शाम चार बजे तक खुलेगा
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि (सीईसी) के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गोयल ने कहा कि इस पहल से दिल्ली रिज के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी। दिल्ली सरकार के वन व वन्यजीव विभाग के मुख्य वन संरक्षक डा. पी विश्वकन्नन सम्मानित अतिथि थे।
इस अवसर पर डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डा. विकास कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कारपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल ने बताया कि मंगलवार से रविवार (सरकारी अवकाश को छोड़कर) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक यह खुला रहेगा।
मेट्रो से यात्रा न करने वालों को 11 रुपये का टिकट लेना होगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली मेट्रो की विदेशों में धूम! बेहतरीन ट्रांसपोर्ट सर्विस के लिए मिला UITP का प्रतिष्ठित पुरस्कार
यह भी पढ़ें- अब दिल्ली मेट्रो की पार्किंग में FASTag से मिलेगी एंट्री, जामिया और जसोला विहार स्टेशनों से होगी शुरुआत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।