विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के अखाड़े में गूंज रही सोटी और ढाल की आवाज, नई पीढ़ी को 'गतका' के दांव-पेच सिखा रहे गुरप्रीत सिंह

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:27 PM (GMT+05:30)

दिल्ली के विष्णु गार्डन स्थित अखाड़ा साहिबजादा अजीत सिंह में बच्चों और युवाओं को सिख पारंपरिक युद्धकला 'गतका' का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

सोटियों की गूंज में जिंदा है सदियों पुरानी विरासत, नई पीढ़ी को गतका से जोड़ रहे अखाड़े। जागरण

सोटियों की गूंज में जिंदा है सदियों पुरानी विरासत, नई पीढ़ी को गतका से जोड़ रहे अखाड़े। जागरण

HighLights

  1. दिल्ली के विष्णु गार्डन में बच्चों को गतका प्रशिक्षण।

  2. गतका सिख परंपरा, फिटनेस और आत्मरक्षा का माध्यम।

  3. मोबाइल के दौर में बच्चों को अखाड़े लाना चुनौती।

गौतम कुमार मिश्रा, पश्चिमी दिल्ली। लकड़ी की सोटियों के टकराने की आवाज, तेजी से बदलते कदम और गुरु के निर्देशों पर अभ्यास करते बच्चे। दिल्ली के विष्णु गार्डन स्थित अखाड़ा साहिबजादा अजीत सिंह में सिखों की सदियों पुरानी शस्त्रकला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश जारी है।

यहां पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों से लेकर युवा तक गतका के दांव-पेच सीख रहे हैं। किसी के लिए यह अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का माध्यम है तो किसी के लिए फिटनेस, आत्मरक्षा और अनुशासन का जरिया।

अखाड़े में तीसरी कक्षा की अर्शनुर अपने छठी कक्षा में पढ़ने वाले भाई गुरकीरत के साथ अभ्यास करती है। वहीं, पांचवीं कक्षा की निशा अपनी बड़ी बहन कामिनी के साथ गतका सीख रही है। भाई-बहनों की ये जोड़ियां बताती हैं कि बच्चों में पारंपरिक युद्धकला के प्रति रुचि बढ़ रही है।

WhatsApp Image 2026-11-17 at 17.59.58

गतका सिखों की पारंपरिक युद्धकला है, जिसकी जड़ें सिख इतिहास और शस्त्र विद्या की परंपरा में हैं। छठे गुरु श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी ने मीरी-पीरी की अवधारणा के माध्यम से आध्यात्मिकता के साथ शस्त्र विद्या के महत्व को स्थापित किया। वहीं, दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के समय इस कला को विशेष महत्व मिला। इसका उद्देश्य अन्याय के विरुद्ध खड़े होना और आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनना रहा है।

पैंतरा से शुरू होता है प्रशिक्षण

अखाड़े के प्रशिक्षक गुरप्रीत सिंह बताते हैं कि गतका सीखने की शुरुआत पैंतरा से होती है। इसमें पैरों की चाल और शरीर का संतुलन बनाने का अभ्यास कराया जाता है। इसके बाद सोटी घुमाना और उसके साथ पैंतरा करना सिखाया जाता है। प्रशिक्षण के अगले चरणों में पारंपरिक शस्त्रों के इस्तेमाल और बचाव की तकनीकों से परिचित कराया जाता है।

WhatsApp Image 2026-11-17 at 17.58.19

पारंपरिक कला को मिल रही खेल के रूप में पहचान

गतका में सोटी, फरी (ढाल), कृपाण और चरखी जैसे पारंपरिक शस्त्रों का इस्तेमाल होता है। पहले यह कला मुख्य रूप से अखाड़ों और धार्मिक आयोजनों तक सीमित थी, लेकिन अब सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी पहचान बना रही है।

फिटनेस के साथ अनुशासन का पाठ

गतका के अभ्यास से बच्चों में फुर्ती, सहनशक्ति, संतुलन और एकाग्रता विकसित होती है। नियमित अभ्यास से हाथों और आंखों के बीच तालमेल बेहतर होता है। वहीं, गुरु के निर्देशों का पालन और साथी खिलाड़ियों के प्रति सम्मान बच्चों में अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाता है। अखाड़े का वातावरण युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में भी मददगार है।

WhatsApp Image 2026-11-17 at 17.58.38

मोबाइल के दौर में बच्चों को जोड़ना चुनौती

गुरु गुरप्रीत सिंह के मुताबिक, पांच साल से कम उम्र के बच्चों को प्रशिक्षण नहीं दिया जाता। लड़कियां भी उत्साह के साथ गतका सीख रही हैं, हालांकि उनकी भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। मोबाइल के बढ़ते आकर्षण के कारण बच्चों को नियमित अभ्यास के लिए अखाड़े तक लाना चुनौती बन रहा है।

अखाड़े में गतका का प्रशिक्षण मुफ्त दिया जाता है, इसके बावजूद अपेक्षित संख्या में बच्चे नहीं पहुंच रहे हैं। अभिभावक विदेशी मार्शल आर्ट के प्रति अधिक रुचि दिखाते हैं, जबकि अपनी पारंपरिक युद्धकला को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।