पार्श्वनाथ डेवलपर्स के निदेशकों को झटका, दिल्ली उपभोक्ता आयोग ने जमानत और रिहाई की याचिका खारिज की
दिल्ली राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने पार्श्वनाथ डेवलपर्स लिमिटेड के निदेशक संजीव कुमार जैन और राजीव जैन को जमानत देने से इनकार कर दिया है।

कंज्यूमर कोर्ट का बिल्डर को जमानत देने से इनकार। फाेटो: सांकेतिक
HighLights
पार्श्वनाथ डेवलपर्स के निदेशकों को जमानत देने से इनकार।
निष्पादन कार्यवाही से बचने के रवैये पर आयोग ने जताई नाराजगी।
कंपनी के खिलाफ 100 से अधिक मामले लंबित हैं।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने पार्श्वनाथ डेवलपर्स लिमिटेड के निदेशक संजीव कुमार जैन और राजीव जैन को जमानत देने से इनकार कर दिया है।
दोनों निदेशकों ने पहले के आदेशों को वापस लेने और न्यायिक हिरासत से रिहाई की मांग की थी। आयोग ने उनकी याचिकाएं खारिज करते हुए कहा कि बार-बार निष्पादन की कार्यवाही से बचने का उनका रवैया गंभीर है।
भुगतान के दस्तावेज पेश नहीं करने पर नाराजगी
न्यायमूर्ति संगीता ढींगरा सहगल की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि निदेशकों को प्रत्येक सुनवाई की जानकारी थी और उनकी ओर से अधिवक्ता भी पेश होते रहे।
अधिवक्ता ने बकाया भुगतान को लेकर निर्देश लेने की बात कही, लेकिन आयोग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद भुगतान संबंधी जानकारी और दस्तावेज पेश नहीं किए गए। पीठ ने टिप्पणी की कि निदेशक पर्दे के पीछे रहकर कार्यवाही पर नजर रख रहे थे।
समझौते और भुगतान के आश्वासन को नहीं माना पर्याप्त
आयोग ने कहा कि कुछ घर खरीदारों के साथ बाद में हुए समझौते और भुगतान के आश्वासन उनके पुराने आचरण को खत्म नहीं कर सकते। इससे यह भरोसा भी नहीं मिलता कि रिहा होने के बाद वे न्यायिक प्रक्रिया से बचने की कोशिश नहीं करेंगे।
निदेशकों ने दलील दी थी कि हिरासत से बाहर आने पर वे बाकी घर खरीदारों के साथ समझौते कर सकेंगे। हालांकि, आयोग ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया।
100 से अधिक निष्पादन मामले लंबित
आयोग के अनुसार, पार्श्वनाथ डेवलपर्स और उसकी समूह कंपनियों, जिनमें पार्श्वनाथ बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल है, के खिलाफ 100 से अधिक निष्पादन मामले लंबित हैं।
इनमें से 79 याचिकाओं की समीक्षा में 65 लंबित और 14 का निपटारा पाया गया। दोनों निदेशकों को दो नवंबर को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था।
घर खरीदारों के रिफंड और मुआवजे से जुड़े मामलों में भुगतान नहीं होने के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। हिरासत के दौरान उन्होंने 47 में से 17 लंबित मामलों में समझौता किया था।
यह भी पढ़ें- AI कैमरों के डेटा से कर रहे थे लोगों की प्रोफाइलिंग, KYC के अलावा इस्तेमाल पर दिल्ली HC ने लगाई रोक