AI कैमरों के डेटा से कर रहे थे लोगों की प्रोफाइलिंग, KYC के अलावा इस्तेमाल पर दिल्ली HC ने लगाई रोक
दिल्ली हाई कोर्ट ने एआई-आधारित फेशियल रिकग्निशन डेटा को केवाईसी से इतर साझा करने पर अंतरिम रोक लगा दी है। अदालत ने कंपनियों को डेटा साझा न करने का निर्देश दिया।

दिल्ली हाई कोर्ट ने फेशियल रिकग्निशन डेटा के इस्तेमाल को लेकर अहम टिप्पणी की। फोटो: आर्काइव
HighLights
फेशियल रिकग्निशन डेटा साझा करने पर अंतरिम रोक।
निजता को महत्वपूर्ण बताया, केवाईसी तक सीमित उपयोग।
कंपनियों को तीसरे पक्ष से डेटा साझा न करने का निर्देश।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। AI-बेस्ड फेशियल रिकग्निशन कैमरों से जुटाई गई चेहरे की बायोमीट्रिक जानकारी के इस्तेमाल और साझा करने पर दिल्ली हाई कोर्ट ने अंतरिम रोक लगाते हुए अहम टिप्पणी की है।
न्यायमूर्ति जसमीत सिंह की पीठ ने कहा कि बैंकिंग और AI-आधारित धोखाधड़ी बढ़ने के दौर में निजता अत्यंत महत्वपूर्ण है। पीठ ने तीन कंपनियों को यह डेटा किसी तीसरे पक्ष, यहां तक कि अपनी समूह कंपनियों के साथ भी साझा नहीं करने का निर्देश दिया।
हालांकि, प्रतिवादी कंपनी नो योर कस्टमर (केवाईसी) के लिए इसका इस्तेमाल जारी रख सकती है। पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता की चिंताएं जायज हैं और प्रथम दृष्टया मजबूत मामला बनता है।
केवाईसी के अलावा डेटा के इस्तेमाल पर रोक
पीठ ने कहा कि बायोमीट्रिक डेटा को केवाईसी से इतर इस्तेमाल करने की अनुमति से उसके दुरुपयोग का खतरा हो सकता है। अंतरिम सुरक्षा न मिलने पर याचिकाकर्ता को ऐसी क्षति हो सकती है जिसकी भरपाई धन से संभव नहीं होगी।
उक्त टिप्पणी करते हुए पीठ ने मामले को चार दिसंबर को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष सूचीबद्ध करने को कहा। इसमें निजता नीति को चुनौती देने सहित याचिकाकर्ता की अन्य मांगों पर विचार करना है।
याचिकाकर्ता ने प्रतिवादियों के सभी ग्राहकों के लिए भी इसी तरह के संरक्षण की मांग की। हालांकि, पीठ ने कहा कि वे मौजूदा अधिकार क्षेत्र में ऐसा आदेश नहीं दे सकते और निर्देश दिए कि इस मामले को दो सदस्यीय पीठ के समक्ष रखा जाए।
कैमरों से ग्राहकों की प्रोफाइलिंग का आरोप
अदालत ने उक्त टिप्पणियां व आदेश वरिष्ठ अधिवक्ता अमित प्रसाद के माध्यम से याचिकाकर्ता धनंजय भोले द्वारा दायर की गई याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए।
याचिका में आरोप है कि प्रतिवादियों के स्टोर में लगे कैमरे ग्राहकों और गैर-ग्राहकों की तस्वीरें लेकर उनकी प्रोफाइलिंग करते हैं। ग्राहकों की पहचान चेहरे की विशेषताओं का आधार से मिले डेटा के साथ मिलान कर की जाती है।
याचिका में दावा किया गया कि यह प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 19(एक)(ए) और अनुच्छेद-21 के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निजता के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करती है।
निजता नीति को भी दी गई चुनौती
याचिका में एक प्रतिवादी की दो नवंबर 2026 की निजता नीति को भी चुनौती दी गई है। आरोप है कि यह नीति AI-युक्त कैमरों से चेहरे की जानकारी जुटाने और विजन AI मॉडल के जरिए उसे प्रोसेस करने की अनुमति देती है।
याचिकाकर्ता ने डेटा हटाने और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से एनबीएफसी को स्पष्ट और सूचित सहमति के बिना ऐसा डेटा जुटाने से रोकने का निर्देश देने की मांग भी की है।
सुनवाई के दौरान आरबीआइ ने बताया कि 23 नवंबर को याचिकाकर्ता की ओर से दी गई अर्जी पर विचार हो रहा है।
यह भी पढ़ें- महिला को 7 घंटे हिरासत में रखा और वजह भी नहीं बताई, दिल्ली HC ने पूछा- क्या झूठा कलंदरा बना? जांच का आदेश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।