विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संसद सुरक्षा चूक मामले में दोनों आरोपियों को झटका, राउज एवेन्यू कोर्ट ने खारिज की दूसरी जमानत याचिका

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:23 PM (IST)

राउज एवेन्यू कोर्ट ने संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले में मनोरंजन डी और सागर शर्मा की दूसरी जमानत याचिका खारिज कर दी है।

संसद में छोड़ा गया रंगीन धुआं। फोटो-जागरण आर्काइव

संसद में छोड़ा गया रंगीन धुआं। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. संसद सुरक्षा चूक: मनोरंजन और सागर की जमानत याचिका खारिज हुई।

  2. कोर्ट ने कहा, आरोपियों के कृत्यों से संप्रभुता को खतरा।

  3. यूएपीए के तहत जमानत पर सख्त पाबंदियां लागू हैं।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में कोर्ट ने दो आरोपित मनोरंजन डी और सागर शर्मा की दूसरी जमानत याचिका खारिज कर दी है। राउज एवेन्यू स्थित विशेष न्यायाधीश किरण बंसल ने शुक्रवार को पारित आदेश में कहा कि आरोपितों के खिलाफ लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही प्रतीत होते हैं।

कोर्ट ने कहा कि उनकी हरकतों से न केवल लोकसभा की कार्यवाही बाधित हुई, बल्कि देश की संप्रभुता और अखंडता को भी खतरा पहुंचा। अदालत ने कहा कि आरोपितों के कृत्य से संसद में मौजूद सांसदों और आगंतुकों के मन में आतंक पैदा हुआ था।

आरोपियों को राहत नहीं

अदालत ने कहा कि गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 43डी(5) के तहत जमानत देने पर कड़ी पाबंदियां हैं। ऐसे में केवल मुकदमे की सुनवाई में देरी या लंबे समय से जेल में रहने के आधार पर आरोपियों को राहत नहीं दी जा सकती।

जूते में छिपाकर लाए थे स्मोक केनिस्टर

अभियोजन के अनुसार, 13 दिसंबर 2023 को दोपहर करीब एक बजे लोकसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण चल रहा था। इसी दौरान सागर शर्मा और मनोरंजन डी दर्शक दीर्घा संख्या चार से सदन के मुख्य कक्ष में कूद गए।

आरोप है कि सागर ने खाली सीटों को पार करते हुए सदन के वेल की ओर बढ़कर अपने जूते में छिपाया गया स्मोक केनिस्टर निकाला और उससे रंगीन धुआं छोड़ दिया।

मनोरंजन ने भी सदन के भीतर धुआं फैलाने वाला केनिस्टर खोला। इससे लोकसभा के भीतर पीला धुआं फैल गया। सांसदों और संसद कर्मचारियों ने दोनों को पकड़ लिया। घटना के बाद लोकसभा की कार्यवाही तत्काल स्थगित करनी पड़ी।

इसी दौरान संसद भवन के बाहर नीलम रानोलिया और अमोल शिंदे ने भी रंगीन धुएं के केनिस्टर छोड़े और नारेबाजी की। मामले में ललित झा और महेश कुमावत को भी गिरफ्तार किया गया था।

दिल्ली हाई कोर्ट से मिल चुकी है जमानत

बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि मामले के अन्य आरोपितों को दिल्ली हाई कोर्ट से जुलाई 2025 में जमानत मिल चुकी है, इसलिए मनोरंजन और सागर को भी समानता के आधार पर राहत दी जानी चाहिए। हालांकि, अदालत ने इस दलील को खारिज कर दिया।

कोर्ट ने कहा कि दोनों आरोपित संसद के मुख्य कक्ष में दाखिल हुए थे और दर्शक दीर्घा से कूदकर कार्यवाही बाधित की थी। वहीं, नीलम संसद भवन के बाहर ही रही थीं और अंदर जाने से इन्कार कर दिया था। महेश कुमावत घटना के दिन दिल्ली में भी मौजूद नहीं था।

अभियोजन ने दावा किया कि संसद में सुरक्षा चूक की घटना अचानक नहीं हुई थी, बल्कि इसकी योजना कई महीने पहले बनाई गई थी। जांच एजेंसी के अनुसार, मनोरंजन ने वर्ष 2022 में ही संसद की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी थी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की लक्ष्मी योजना में 7.5 लाख आवेदन, 4,541 को मिला लाभ; इस महीने 30 हजार महिलाओं के खाते में आ सकते हैं पैसे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।