दिल्ली की लक्ष्मी योजना में 7.5 लाख आवेदन, 4,541 को मिला लाभ; इस महीने 30 हजार महिलाओं के खाते में आ सकते हैं पैसे
दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना के तहत 2,500 रुपये की मासिक सहायता राशि मिलने में महिलाओं को लंबा इंतजार करना ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2,500 रुपये मिलने में देरी।
7.5 लाख से अधिक आवेदनों में से बहुत कम को राशि मिली।
अधिकांश आवेदन जांच के स्तर पर अटके, सत्यापन में तेजी की तैयारी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने 2,500 रुपये पाने के लिए महिलाओं का इंतजार लंबा होता जा रहा है। योजना शुरू हुए करीब तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक साढ़े सात लाख से अधिक आवेदन आने के बावजूद बहुत कम महिलाओं को सहायता राशि मिल सकी है।
10 नवंबर तक कुल 7,51,961 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें से महज 39,274 आवेदन मंजूर हुए और केवल 4,541 महिलाओं के बैंक खातों में राशि पहुंची है। वहीं, 7,04,751 आवेदनों की जांच पूरी नहीं हुई है। 6,242 आवेदनों पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं और 1,694 आवेदन निरस्त किए जा चुके हैं।
तीन महीने पहले किया आवेदन
योजना शुरू होते ही आवेदन करने वाली महिलाओं को उम्मीद थी कि दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होते ही उनके खाते में हर महीने 2,500 रुपये आने लगेंगे। लेकिन तीन महीने बाद भी लाखों आवेदन जांच के स्तर पर अटके हैं।
ऐसे में महिलाओं के सामने सवाल है कि उन्हें सहायता राशि के लिए कितना और इंतजार करना पड़ेगा। आवेदन करने मात्र से राशि मिलना सुनिश्चित नहीं है। इसके लिए पात्रता की जांच, आवेदन की मंजूरी और बैंक खाते में भुगतान की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है।
इस महीने 30 हजार महिलाओं को मिल सकती है किस्त
सरकार को उम्मीद है कि इस महीने करीब 30 हजार महिलाओं को योजना की किस्त मिल सकती है। इसके लिए जिला स्तर पर अतिरिक्त कर्मचारियों की मदद से लंबित आवेदनों के सत्यापन में तेजी लाने की तैयारी है।
दस्तावेजों की जांच के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) गठित करने की प्रक्रिया भी चल रही है। पहले जारी निविदा प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। कंपनी नियुक्त करने में देरी से भी काम लटका है। अब वित्त विभाग की सलाह पर दोबारा निविदा जारी करने की तैयारी है।
पात्रता पूरी नहीं करने वालों के आवेदन पर भी हस्ताक्षर
योजना की शर्तों के अनुसार, जिन परिवारों की पिछले 12 महीने की कुल बिजली खपत 2,400 यूनिट से अधिक है, उनकी महिलाएं पात्र नहीं हैं। यानी औसतन 200 यूनिट से अधिक मासिक खपत वाले परिवार इस योजना के दायरे से बाहर हैं।
इसके बावजूद ऐसी महिलाओं ने आवेदन किए। जनप्रतिनिधि लोगों को नाराज नहीं करना चाहते थे, इसलिए उन्होंने ऐसे आवेदनों पर भी हस्ताक्षर कर दिए।
ये महिलाएं कर सकती हैं आवेदन
- उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच हो।
- परिवार की सबसे बड़ी पात्र महिला हो।
- परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से कम हो।
- महिला, उसके पति या माता-पिता में से किसी एक का कम से कम 10 वर्ष से दिल्ली निवासी होना जरूरी।
- आवेदक दिल्ली की पंजीकृत मतदाता हो।
- परिवार की पिछले 12 महीने की कुल बिजली खपत 2,400 यूनिट से अधिक न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।