विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 'एक जिला-एक उत्पाद' की झलक, 32 स्टॉलों पर लगे 40 जिलों के खास उत्पाद

Published: Sat, 14 Nov 2026 08:12 PM (IST)

भारत मंडपम में चल रहे 45वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहली बार 'एक जिला-एक उत्पाद' योजना के तहत विशेष स्टॉल ...और पढ़ें

भारत मंडपम में स्टाल देखतीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता। फोटो- दैनिक जागरण

भारत मंडपम में स्टाल देखतीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता। फोटो- दैनिक जागरण

HighLights

  1. व्यापार मेले में पहली बार 'एक जिला-एक उत्पाद' की विशेष व्यवस्था।

  2. 40 जिलों के विशिष्ट उत्पाद 32 स्टालों पर प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

  3. स्थानीय कारीगरों और उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ना उद्देश्य।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। देश के किसी जिले की पहचान वहां की मिठाई है तो कहीं का पारंपरिक हस्तशिल्प। कहीं का गुड़ मशहूर है तो कहीं के मसाले और अचार की अलग पहचान है। अब इन क्षेत्रीय खूबियों को एक ही जगह देखने और खरीदने का मौका मिलेगा।

भारत मंडपम में 27 नवंबर तक आयोजित 45वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहली बार एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत 32 स्टालों पर 40 जिलों के विशिष्ट उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

इस विशेष पहल में देश के अलग-अलग हिस्सों की स्थानीय पहचान को राष्ट्रीय मंच पर लाने की कोशिश की गई है। खास बात यह है कि यहां सिर्फ प्रसिद्ध मिठाइयां ही नहीं, बल्कि पारंपरिक खाद्य उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय कारोबार से जुड़े उत्पादों को भी जगह मिली है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों के उत्पाद इस प्रदर्शन का प्रमुख आकर्षण हैं।

किस जिले का कौन सा उत्पाद बना आकर्षण

जिला प्रमुख उत्पाद
हाथरस रबड़ी
मेरठ नानखटाई
झांसी बालूशाही
प्रतापगढ़ आंवला उत्पाद
बिजनौर सोनपापड़ी
मुजफ्फरनगर गुड़
भदोही रबड़ी, पेड़ा, गुजिया
आगरा पेठा
मैनपुरी सोनपापड़ी
एटा चिकोरी
सुल्तानपुर लाल पेड़ा
कानपुर लड्डू
लखनऊ अचार
गौतमबुद्ध नगर बेकरी उत्पाद
हापुड़ पापड़
रामपुर हब्शी हलवा
अमरोहा सेव
सहारनपुर शहद से बने खाद्य उत्पाद
शामली पलंगतोड़ मिठाई
फर्रुखाबाद नमकीन, भुने आलू
औरैया देसी घी, बालूशाही
फतेहपुर पेड़ा
रायबरेली मसाले

उत्तर प्रदेश के उत्पादों की सबसे ज्यादा भागीदारी

ओडीओपी के विशेष प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश के 19 स्टाल लगाए गए हैं। मध्य प्रदेश, तेलंगाना, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा और कर्नाटक के तीन-तीन स्टाल होंगे। आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के दो-दो स्टाल लगाए गए हैं। लद्दाख, मिजोरम, गुजरात, राजस्थान, बिहार, असम, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, झारखंड और पुडुचेरी के उत्पादों को भी एक-एक स्टाल पर जगह मिली है।

स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने की पहल

एक जिला-एक उत्पाद योजना का उद्देश्य जिलों की विशिष्ट पहचान वाले उत्पादों को प्रोत्साहन देना और स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्यमियों तथा उत्पादकों को बड़े बाजार से जोड़ना है। देश के 770 से अधिक जिलों के एक हजार से अधिक उत्पादों को इस पहल के तहत पहचान देने की दिशा में काम किया गया है।

व्यापार मेले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर इन उत्पादों की एक साथ मौजूदगी से लोगों को देश की क्षेत्रीय विविधता देखने के साथ स्थानीय उत्पाद खरीदने का अवसर भी मिलेगा। वहीं उत्पादकों के लिए संभावित खरीदारों और नए कारोबारी संपर्कों तक पहुंच बनाने का रास्ता खुलेगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में जहरीली हवा का कहर जारी, 'बहुत खराब' श्रेणी में AQI; अब बारिश से राहत की उम्मीद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।