दिल्ली में जहरीली हवा का कहर जारी, 'बहुत खराब' श्रेणी में AQI; अब बारिश से राहत की उम्मीद
दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है, हालांकि बारिश के बाद इसमें सुधार की उम्मीद है।

दिल्ली में बारिश से घटेगा प्रदूषण। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में बरकरार।
अगले दो दिनों में वर्षा से सुधार की उम्मीद।
परिवहन क्षेत्र प्रदूषण का सबसे बड़ा कारक।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। शनिवार को भी राजधानी की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी रही। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में वर्षा की संभावना के चलते वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हो सकता है।
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम ने भी अगले दो दिनों में हवा में मौजूद प्रदूषक कणों पीएम 2.5 और पीएम 10 के स्तर में गिरावट का अनुमान जताया है।
क्या कहता है CPCB का आंकड़ा?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 367 दर्ज किया गया। शुक्रवार को यह 373 था। यानी एक दिन में छह अंकों का मामूली सुधार हुआ, लेकिन प्रदूषण का स्तर अब भी 'बहुत खराब' श्रेणी में बना हुआ है।
केंद्रों पर गंभीर श्रेणी में रही हवा
शनिवार को आंकड़े दर्ज करने वाले दिल्ली के 59 निगरानी केंद्रों में से 17 पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में रही। वहीं, 38 केंद्रों पर एक्यूआइ 'बहुत खराब', तीन पर 'खराब' और एक केंद्र पर 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज किया गया।
इससे साफ है कि औसत एक्यूआइ में मामूली सुधार के बावजूद राजधानी के बड़े हिस्से में प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
परिवहन क्षेत्र सबसे बड़ा प्रदूषण कारक
दिल्ली में शनिवार को पीएम 10 प्रमुख प्रदूषक रहा। डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के आकलन के मुताबिक, प्रदूषण में सबसे अधिक 20.5 प्रतिशत हिस्सेदारी परिवहन क्षेत्र की रही। अगले दो दिनों में वर्षा से प्रदूषक कणों के स्तर में कुछ कमी आने की उम्मीद है। हालांकि, मौसम में बदलाव के बाद ही राहत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
दिल्ली में शनिवार को प्रदूषण की स्थिति
- दिल्ली का औसत एक्यूआइ 367
- शुक्रवार का एक्यूआइ 373
- गंभीर श्रेणी वाले केंद्र 17
- बेहद खराब श्रेणी वाले केंद्र 38
- खराब श्रेणी वाले केंद्र 3
- मध्यम श्रेणी वाला केंद्र 1
- प्रमुख प्रदूषक पीएम 10
- परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 20.5%
यह भी पढ़ें- दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर 16 नवंबर से चलेंगी 8 अतिरिक्त 'नमो भारत' ट्रेनें, 50 मिनट से कम समय में पूरा होगा पूरा सफर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।