16 साल के साइबर शोधकर्ता ने उजागर की नीट-यूजी पोर्टल की खामियां, एनटीए का दावा- तुरंत दूर की सारी कमियां
एक 16 वर्षीय साइबर शोधकर्ता ने नीट-यूजी पोर्टल में सुरक्षा खामियां उजागर कीं, जिससे संवेदनशील जानकारी तक पहुंच का खतरा था।
-1780452790467-1780455864016-1780455873875_m.webp)
शाम तक एनटीए ने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक सुधारात्मक कदम उठा लिए गए हैं और पोर्टल सामान्य रूप से काम कर रहा है।
HighLights
16 वर्षीय शोधकर्ता ने नीट-यूजी पोर्टल में सुरक्षा खामियां उजागर कीं।
इन खामियों से संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच का खतरा था।
एनटीए ने तुरंत सभी सुरक्षा खामियों को दुरुस्त करने का दावा किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को मंगलवार को अपने नीट-यूजी पोर्टल में पाई गई सुरक्षा खामियों को तत्काल दुरुस्त करना पड़ा। इन कमजोरियों की जानकारी एक 16 वर्षीय साइबर सुरक्षा शोधकर्ता ने सार्वजनिक की थी। उसका दावा था कि इन खामियों का फायदा उठाकर संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच बनाई जा सकती है।
ऐसे में एनटीए के संचालन में संलग्न बुद्धिजीवियों को यह सोचना चाहिए कि उनकी तैयारी कितनी अधूरी हैं। हालांकि, शाम तक एनटीए ने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक सुधारात्मक कदम उठा लिए गए हैं और पोर्टल सामान्य रूप से काम कर रहा है।
एनटीए भी करता है फॉलो
एनटीए सूत्रों के अनुसार, पोर्टल में एक तकनीकी कमजोरी थी, जिसने कुछ समय के लिए वेबसाइट के संचालन को प्रभावित किया, लेकिन अब उसे पूरी तरह ठीक कर दिया गया है। यह मामला ऐसे समय सामने आया जब उसी दिन सीबीएसई की वेबसाइट भी साइबर हमलों का सामना कर रही थी।
राइलेन अनिल नामक किशोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोर्टल की कमजोरियों का उल्लेख किया। खास बात यह है कि एनटीए का आधिकारिक प्रशासनिक तंत्र भी उसे फॉलो करता है।
दावों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं
सूत्रों के मुताबिक, यदि समय रहते खामी दूर नहीं की जाती तो परीक्षा पर्यवेक्षकों, केंद्र समन्वयकों और परीक्षा केंद्रों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां, जैसे नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल पते, बाहरी लोगों की पहुंच में आ सकती थीं। हालांकि, एजेंसी ने खामी को ठीक किए जाने की पुष्टि की है, लेकिन संभावित नुकसान को लेकर किए गए दावों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की।
छात्रों व अभिभावकों की चिंता बढ़ी
राइलेन का आरोप है कि इन कमजोरियों के माध्यम से आंतरिक रिकॉर्ड डाउनलोड करना, नियुक्ति पत्र तैयार करना, पर्यवेक्षकों का डेटा बदलना, टेम्पलेट अपलोड करना और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े प्रशासनिक प्रबंधन में हस्तक्षेप करना संभव था। इन दावों के सामने आने के बाद छात्रों, अभिभावकों और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के बीच चिंता बढ़ गई।
आपातकालीन तकनीकी बदलाव किए
इस बीच सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट और आरोप वायरल होने लगे। कई उपयोगकर्ताओं ने बताया कि पुनर्परीक्षा पोर्टल का लिंक कुछ समय के लिए बंद हो गया था और उस पर '404 नॉट फाउंड' संदेश दिखाई दे रहा था। इससे यह अटकलें लगाई जाने लगीं कि पोर्टल के बैकएंड में आपातकालीन तकनीकी बदलाव किए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।