दिल्ली में नाॅर्थ ईस्ट के छात्र पर फिर हमला, नस्लीय टिप्प्णी का आरोप; पुलिस 3 आरोपियों की तलाश में जुटी
सत्य निकेतन के डीडीए पार्क में पूर्वोत्तर के एक छात्र को तीन युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। छात्र ने आरोपियों पर नस्लीय टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।

दिल्ली में नॉर्थ ईस्ट के छात्र पर हमला। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। सत्य निकेतन स्थित डीडीए पार्क में टहलने गए पूर्वोत्तर भारत के एक छात्र के साथ तीन युवकों ने मारपीट की।
आरोप है कि युवकों ने पहले छात्र के साथ अभद्रता की और फिर विरोध करने पर उसके सिर के पिछले हिस्से पर मुक्के और लात से हमला किया। छात्र ने आरोपियों पर नस्लीय टिप्पणी करने का आरोप भी लगाया है।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल साउथ कैंपस थाना पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
श्री वेंकटेश्वर कॉलेज का है छात्र
पुलिस के अनुसार, घटना 10 नवंबर की रात करीब 11 बजे की है। शिकायतकर्ता ग्याति गुरो श्री वेंकटेश्वर कॉलेज में स्नातक का छात्र है और सत्य निकेतन में रहता है।
शिकायत में उसने बताया कि वह रात में डीडीए पार्क में टहल रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने उसकी क्षेत्रीय पहचान और शारीरिक बनावट को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं।
इसके बाद तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उसके सिर के पिछले हिस्से में चोट आई।
हेल्पलाइन पर की शिकायत
छात्र ने किसी तरह खुद को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और दोस्तों को सूचना दी। इसके बाद उसने पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए संचालित विशेष पुलिस इकाई की हेल्पलाइन 1093 पर शिकायत की।
उसे चरक पालिका अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच हुई। बाद में मैक्स अस्पताल में भी परामर्श लिया गया और सिर का सीटी स्कैन कराया गया।
शिकायत के आधार पर 14 नवंबर को साउथ कैंपस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। फिलहाल तीनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। नस्लीय टिप्पणी के आरोप की भी जांच की जा रही है।