नोएडा प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड: गर्लफ्रेंड और भाई गिरफ्तार, होली के दिन पत्नी के सामने किया था मर्डर
नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी में होली के दिन प्रॉपर्टी डीलर साहिल सिंघल की हत्या मामले में नया मोड़ ...और पढ़ें
HighLights
नोएडा में होली पर प्रॉपर्टी डीलर साहिल सिंघल की हत्या।
प्रेमिका प्रिया और उसके भाई निखिल ठाकुर को पुलिस ने पकड़ा।
प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव के चलते हुई वारदात।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी में होली के दिन (4 मार्च) प्रॉपर्टी डीलर साहिल सिंघल की होली खेलते वक्त उसकी पत्नी के सामने की गई हत्या मामले में नया मोड़ आ गया है।
मृतक साहिल की मां ने मामले केस दर्ज कराया है और पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने साहिल की प्रेमिका और उसके दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
मृतक साहिल सिंघल मूल रूप से गौतबुद्ध नगर के सोरखा के रहने वाले थे। वह नोएडा सेक्टर-75 की आईवी काउंटी सोसायटी में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं।
साहिल चार साल पहले कोको काउंटी में काम करने वाली गाजियाबाद के विष्णु एन्क्लेव की प्रिया नाम की महिला के संपर्क में आए थे। दोनों में प्रेम संबंध हो गए थे।

प्रिया और उसका परिवार पत्नी को तलाक देकर साहिल पर प्रिया से शादी करने का दबाव बना रहा था। प्रिया बुधवार को होली मिलने के बहाने कार से अपने भाई निखिल ठाकुर, लोकेश उर्फ लब्बू ठाकुर और एक अन्य के साथ सोसायटी पहुंचे थे।
साहिल के फ्लैट में घुसने से मां ने रोका था
ये चारों सीधे साहिल के फ्लैट पर पहुंचे जहां उन्हें साहिल की मां सीमा मिली थीं। उन्होंने फ्लैट में पहुंचने का विरोध किया था। जब उन्हें पता चला कि साहिल अपनी पत्नी के साथ सोसायटी में नीचे होली खेल रहा है तो सभी सीधे वहीं पहुंच गए।

वहां पर विवाद होने पर निखिल ने साहिल को गोली मारी थी। पुलिस ने साहिल की मां सीमा की शिकायत पर निखिल, प्रिया, लोकेश उर्फ लब्बू व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर निखिल और प्रिया को गिरफ्तार कर लिया है।
