विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जूस का पूरा दाम मांगने पर दो निहंग भाइयों ने चलाई तलवार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर हुई वारदात में दोनों गिरफ्तार

Published: Thu, 10 Sep 2026 06:34 PM (IST)

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास गन्ने के जूस की दुकान पर भुगतान विवाद के बाद एक कर्मचारी पर तलवार ...और पढ़ें

arrests demo pic
arrests demo pic

HighLights

  1. नई दिल्ली स्टेशन पर जूस कर्मचारी पर तलवार से हमला।

  2. भुगतान विवाद के बाद दो निहंग भाई गिरफ्तार किए गए।

  3. पीड़ित के हाथ में गहरा घाव, अस्पताल में भर्ती कराया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। गुरुवार सुबह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट साइड के बाहरी गेट के पास एक गन्ने के जूस की दुकान के कर्मचारी पर तलवार से हमला करने के आरोप में दो निहंग युवकों को हिरासत में लिया गया। कमला मार्केट पुलिस स्टेशन के अनुसार, सुबह करीब 10:08 बजे पीसीआर को तलवार से हमले और एम्बुलेंस की मांग वाली कॉल मिली थी।

पुलिस को जांच में पता चला कि गन्ने के जूस की दुकान पर भुगतान को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित की उम्र 35 वर्ष है। वह दुकान में कर्मचारी है। उसके बाएं हाथ पर कलाई के ठीक ऊपर गहरा कट लग गया। पीसीआर स्टाफ ने उसे एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मेडिकल जांच हुई।

दोनों आरोपित भाई गगनदीप सिंह (21) और बलजीत सिंह (30) जालंधर के निवासी हैं। दोनों को मौके पर ही लोगों ने पकड़ लिया था। दोनों के पास तलवारें थीं। पुलिस के अनुसार, दोनों भाई ट्रेन से अमृतसर से दिल्ली आए थे और रात गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में रुके थे। वे धार्मिक यात्रा के लिए नांदेड़, महाराष्ट्र जाने वाली ट्रेन पकड़ने स्टेशन आए थे।

उन्होंने दो गिलास गन्ने का जूस लिया, जिसकी कीमत 60 रुपये थी। वे सिर्फ 50 रुपये देने पर अड़े रहे, जिससे विवाद बढ़ गया। इस दौरान गगनदीप सिंह ने कथित तौर पर पीड़ित पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गहरा घाव हो गया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 'दादी की रसोई' की विजय निश्चल के 88 वर्षीय पति से झपटमारी, नकदी से भरा बैग लेकर बदमाश फरार