विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में 'दादी की रसोई' की विजय निश्चल के 88 वर्षीय पति से झपटमारी, नकदी से भरा बैग लेकर बदमाश फरार

Published: Thu, 10 Sep 2026 05:56 PM (IST)

दादी की रसोई पहल के लिए चर्चित विजय निश्चल के 88 वर्षीय पति हरिश्चंद्र निश्चल से दिनदहाड़े नकदी से भरा ...और पढ़ें

सोशल मीडिया पर अपनी दादी की रसोई पहल को लेकर चर्चित विजय निश्चल। सौ. सोशल मीडिया

सोशल मीडिया पर अपनी दादी की रसोई पहल को लेकर चर्चित विजय निश्चल। सौ. सोशल मीडिया

HighLights

  1. दादी की रसोई के विजय निश्चल के पति से झपटमारी हुई।

  2. हरिश्चंद्र निश्चल से नकदी से भरा बैग छीना गया।

  3. घटना नजफगढ़ के श्याम विहार में सीसीटीवी में कैद हुई।

मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। सोशल मीडिया पर अपनी दादी की रसोई पहल को लेकर चर्चित विजय निश्चल के 88 वर्षीय पति हरिश्चंद्र निश्चल से बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात हुई। नजफगढ़ के श्याम विहार फेज-2 स्थित उनके घर के बाहर एक युवक नकदी से भरा बैग झपटकर फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, हरिश्चंद्र निश्चल बैंक से नकदी निकालकर घर लौटे थे। वह घरेलू जरूरतों के लिए रकम लेकर आए थे। जैसे ही वह अपने घर के गेट के पास पहुंचे, एक युवक ने उनके हाथ से नकदी से भरा बैग झपट लिया और फरार हो गया। 88 वर्षीय बुजुर्ग ने आरोपित का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन अधिक उम्र होने के कारण वह उसे पकड़ नहीं सके।

बताया जा रहा है कि पास में मौजूद पीसीआर वाहन के पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग को किसी के पीछे जाते देखा। उन्होंने हरिश्चंद्र निश्चल से घटना के बारे में जानकारी ली, लेकिन तब तक आरोपित नकदी लेकर फरार हो चुका था।

इसके बाद बुजुर्ग ने पुलिस से संपर्क किया। पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना के बाद बुजुर्ग दंपती की चिंता बढ़ गई है। परिवार का कहना है कि दिनदहाड़े घर के बाहर हुई इस वारदात ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर दी है।

इस मामले में पुलिस ने झपटमारी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपित की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। दिल्ली पुलिस प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

राजधानी में बुजुर्गों के साथ चोरी, ठगी और झपटमारी की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। अकेले रहने वाले बुजुर्गों को अक्सर अपराधी निशाना बनाते हैं। घरों में चोरी के साथ ही राह चलते मोबाइल फोन, चेन और बैग झपटने की वारदातें भी सामने आती हैं।

कई बुजुर्ग कानूनी प्रक्रिया और बार-बार थाने व अदालत के चक्कर लगाने की परेशानी के कारण शिकायत को आगे तक नहीं बढ़ा पाते। ऐसे में कई घटनाएं पुलिस के रिकॉर्ड तक भी पूरी तरह नहीं पहुंच पातीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपित की पहचान और उसके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।