विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुटियंस दिल्ली में बदलेगा हाउस टैक्स का सिस्टम, NDMC लागू करेगी यूनिट एरिया मेथड; 10,500 लोगों को राहत

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:57 PM (IST)

एनडीएमसी लुटियंस दिल्ली में संपत्ति कर निर्धारण के लिए यूनिट एरिया मेथड लागू करने जा रहा है। इससे संपत्ति कर की दरें 30% से घटकर 20% से भी कम हो सकती हैं, जिससे हजारों संपत्ति मालिकों को राहत मिलेगी।

लुटियंस दिल्ली में नई कर प्रणाली लागू की जाएगी। फोटो: आर्काइव

लुटियंस दिल्ली में नई कर प्रणाली लागू की जाएगी। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लुटियंस दिल्ली में संपत्ति कर निर्धारण की पुरानी व्यवस्था खत्म होने जा रही है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) इस वित्तीय वर्ष के अंत तक यूनिट एरिया मेथड (यूएएम) लागू करने की तैयारी कर रही है।

नई व्यवस्था लागू होने से संपत्ति कर की दरों में कमी आने की संभावना है। मौजूदा व्यवस्था में अधिकतम 30 प्रतिशत तक आधार कर वसूला जाता है, जिसे नई प्रणाली में घटाकर 20 प्रतिशत से भी कम किया जा सकता है।

इससे एनडीएमसी क्षेत्र के हजारों संपत्ति मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

एमसीडी की तर्ज पर लागू होगी नई व्यवस्था

दरअसल, एनडीएमसी क्षेत्र में अभी संपत्ति कर का निर्धारण रेंटल वैल्यू और संपत्ति के आकलन के आधार पर किया जाता है। इसमें संपत्ति के किराया मूल्य, अभिलेखों और मौके पर किए जाने वाले सर्वे को आधार बनाया जाता है।

इस व्यवस्था को लेकर लंबे समय से कानूनी विवाद और कर निर्धारण संबंधी शिकायतें सामने आती रही हैं। यही वजह है कि परिषद अब दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की तर्ज पर यूनिट एरिया मेथड लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

एमसीडी वर्ष 2004 से इस व्यवस्था के तहत संपत्ति कर वसूल रहा है।

हितधारकों से सुझाव लेकर बनेगी कमेटी

सोमवार को दिल्ली के कैबिनेट मंत्री एवं नई दिल्ली के विधायक प्रवेश वर्मा की अध्यक्षता में इस संबंध में हितधारकों के साथ बैठक हुई। इसमें बाजार संगठनों और आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए।

सुझावों को संकलित करने के बाद म्यूनिसिपल वैल्यूएशन कमेटी (एमवीसी) गठित की जाएगी। यह कमेटी कॉलोनियों की श्रेणी, आधार मूल्य, कर की दरों और अलग-अलग स्लैब को लेकर सिफारिश करेगी।

इसके बाद अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी। नई व्यवस्था में संपत्ति कर का निर्धारण सड़क की चौड़ाई, भवन की उम्र, कॉलोनी की श्रेणी, संपत्ति के उपयोग और उसके कब्जे की स्थिति के आधार पर होगा।

इससे संपत्ति मालिक खुद ही अपने कर का आकलन कर सकेंगे। परिषद के अधिकारियों के अनुसार, नई प्रणाली में कर निरीक्षकों की भूमिका काफी सीमित हो जाएगी। साथ ही संपत्ति मालिकों को कर संबंधी नोटिस भी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से भेजे जाएंगे।

10,500 करदाताओं को मिल सकती है राहत

एनडीएमसी क्षेत्र में करीब 16,400 संपत्तियां संपत्ति कर के दायरे में हैं। इनमें लगभग 10,500 करदाता शामिल हैं। वर्तमान व्यवस्था में 10 लाख रुपये तक की रेटेबल वैल्यू वाली संपत्तियों पर 20 प्रतिशत, 10 से 20 लाख रुपये तक की संपत्तियों पर 25 प्रतिशत और इससे अधिक मूल्य वाली संपत्तियों पर 30 प्रतिशत आधार कर लगता है।

नई व्यवस्था में इन सभी श्रेणियों के करदाताओं को राहत मिलने की संभावना है। इसके अलावा 100 वर्गमीटर तक के भवनों के मामले में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगों को 30 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान भी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में सिर्फ सैर के लिए नहीं रहेंगे DDA पार्क, फिल्म शूटिंग से फेस्टिवल तक होंगे यहां; स्कूलों को खास रियायत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।