दिल्ली में सिर्फ सैर के लिए नहीं रहेंगे DDA पार्क, फिल्म शूटिंग से फेस्टिवल तक होंगे यहां; स्कूलों को खास रियायत
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अपने पार्कों और ग्रीन स्पेस को विभिन्न सार्वजनिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और व्यावसायिक आयोजनों के लिए उपलब्ध कराया है।

दिल्ली का बांसेरा पार्क। फोटो: आर्काइव
HighLights
डीडीए ने 17 पार्कों और 7 एम्फीथिएटर को चिह्नित किया।
स्कूलों को शैक्षिक गतिविधियों के लिए मात्र एक रुपये में जगह।
काॅरपोरेट इवेंट, फिल्म शूटिंग, साहित्यिक उत्सव भी हो सकेंगे।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली के पार्कों का इस्तेमाल अब सिर्फ सैर-सपाटे और सुबह-शाम की सैर तक सीमित नहीं रहेगा।
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने अपने पार्कों और ग्रीन स्पेस को विभिन्न सार्वजनिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और व्यावसायिक आयोजनों के लिए उपलब्ध कराने की व्यापक नीति लागू की है।
इसके तहत अब पार्कों में कॉरपोरेट कार्यक्रम, फिल्म शूटिंग, पुस्तक मेले, शिल्प बाजार, खाद्य उत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और साहित्यिक आयोजन भी किए जा सकेंगे।
इसके लिए 17 पार्कों और सात एम्फीथिएटर को चिह्नित किया गया है। खास बात यह है कि स्कूलों को शैक्षिक और मनोरंजक गतिविधियों के लिए पार्कों में जगह महज एक रुपये में मिलेगी।
वहीं, अन्य गतिविधियों के लिए बुकिंग कराने पर स्कूलों को निर्धारित शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

पार्कों में योग, सांस्कृतिक और साहित्यिक आयोजन
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों पर तैयार की गई इस नीति का उद्देश्य डीडीए के पार्कों को अधिक जनोपयोगी बनाना और लोगों को प्रकृति से जोड़ना है।
इसके तहत पार्कों में योग, ध्यान, नेचर वॉक, हेरिटेज वॉक, कवि सम्मेलन, पुस्तक चर्चा, पुस्तक विमोचन, कला एवं शिल्प प्रदर्शनियां, कार्यशालाएं, थिएटर और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। हालांकि, प्रत्येक आयोजन के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम की योजना को मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।
500 लोगों के आयोजन की अलग व्यवस्था
डीडीए ने पार्कों में उपलब्ध निर्धारित खुले स्थानों को संभावित उपस्थिति के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा है। ए-1 श्रेणी में 200 तक, ए-2 में 200 से अधिक और 500 तक तथा ए-3 में 500 से अधिक लोगों के आयोजन किए जा सकेंगे।
वहीं, एम्फीथिएटर और अन्य विशेष सुविधाओं को श्रेणी बी में रखा गया है। इनके लिए आधे दिन और पूरे दिन की बुकिंग के साथ टिकट वाले और बिना टिकट वाले आयोजनों के लिए अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं।
17 पार्कों में मिलेगी बुकिंग की सुविधा
नीति के तहत रोहिणी के स्वर्ण जयंती पार्क और चित्रगुप्त पार्क, हरि नगर का जी-8 लेक पार्क, पश्चिम विहार का जिला पार्क, पीतमपुरा के संदेश विहार और लेक पार्क, द्वारका के जिला पार्क, इंद्रप्रस्थ पार्क (मिलेनियम पार्क), संजय झील, असिता यमुना रिवर फ्रंट, कोरोनेशन पार्क, आस्था कुंज, हौज खास पार्क, बांसेरा और महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क को चिह्नित किया गया है।
इसके अतिरिक्त इंद्रप्रस्थ पार्क, आस्था कुंज, उत्सव ग्राउंड, वसंत उद्यान, तुगलकाबाद रिक्रिएशनल पार्क, संजय झील और कोरोनेशन पार्क के निर्धारित एम्फीथिएटर भी संचालन संबंधी तैयारियों और उनकी क्षमता के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
पांच कार्यदिवस पहले करना होगा आवेदन
बुकिंग की पूरी प्रक्रिया को डीडीए की वेबसाइट से जुड़े सिंगल विंडो ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित किया जाएगा। आवेदक पोर्टल पर उपलब्ध पार्कों, निर्धारित स्थानों, उनकी क्षमता और लागू शुल्क की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
आवेदन, उसकी जांच, स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया भी इसी डिजिटल प्लेटफार्म पर होगी। सामान्यतः प्रस्तावित आयोजन की तारीख से कम से कम पांच कार्यदिवस पहले आवेदन करना होगा।
सरकारी संस्थानों और शिक्षण संस्थानों को भी छूट
स्कूलों के अलावा मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थानों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और स्वायत्त निकायों को भी निर्धारित बुकिंग शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
वहीं, सिनेमेटोग्राफी और व्यावसायिक फिल्म शूटिंग के लिए अलग शुल्क संरचना बनाई गई है। आयोजन के बाद पार्क की मूल स्थिति बहाल करनी होगी। असिता और महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के लिए विशेष सुरक्षा प्रावधान किए गए हैं।
अधिसूचित रिज क्षेत्रों और संरक्षित वन क्षेत्रों में गतिविधियां संरक्षण संबंधी दिशा-निर्देशों के अधीन होंगी और केवल सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही संचालित की जा सकेंगी।
यह भी पढ़ें- दिल्लीवालों के पास वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का 25 नवंबर को आखिरी मौका, 5.41 लाख से अधिक फॉर्म मिले
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।