दिल्लीवालों के पास वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का 25 नवंबर को आखिरी मौका, 5.41 लाख से अधिक फॉर्म मिले
दिल्ली में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने या सुधारने के लिए आवेदन करने का आखिरी दिन 25 नवंबर है। अब तक 5.41 लाख से अधिक नए नाम जोड़ने के आवेदन मिले हैं, जबकि लाखों नामों को सूची से हटाया या सुधारा गया है।

दिल्ली में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका। फोटो: आर्काइव
HighLights
मतदाता सूची में आवेदन का अंतिम दिन 25 नवंबर।
5.41 लाख से अधिक नए नाम जोड़ने के आवेदन।
लाखों नामों को सूची से हटाया या सुधारा गया।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने या गलती ठीक कराने के लिए आवेदन करने का बुधवार (25 नवंबर) आखिरी दिन है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया मंगलवार को समाप्त हो जाएगी। जिन लोगों ने पहले नाम दर्ज कराने के लिए गिनती वाला फार्म नहीं भरा था, वे बुधवार तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद इस चरण में नए आवेदन नहीं लिए जाएंगे।
नाम जुड़वाने के लिए 5.41 लाख आवेदन
अब तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 5,41,270 आवेदन मिले हैं। वहीं, नाम कटवाने के लिए 86,626 और नाम या पते में सुधार कराने के लिए 3,84,142 आवेदन आए हैं। ये आवेदन 30 अगस्त तक और 31 अगस्त से 23 नवंबर के बीच मिले हैं।
नाम जुड़वाने के सबसे ज्यादा 68,612 आवेदन पश्चिमी जिले से आए हैं। उत्तर-पूर्वी जिले से 56,832, दक्षिण-पूर्वी से 56,441, उत्तर-पश्चिमी से 53,015 और पूर्वी जिले से 52,584 आवेदन मिले हैं। नई दिल्ली जिले से सबसे कम 8,063 आवेदन आए हैं।
नाम कटवाने के सबसे ज्यादा आवेदन पश्चिमी जिले से
वहीं, नाम कटवाने के लिए सबसे ज्यादा 12,536 आवेदन पश्चिमी जिले से मिले हैं। दक्षिण-पूर्वी जिले से 18,386, दक्षिण-पश्चिमी से 7,415 और उत्तर-पूर्वी जिले से 6,845 आवेदन आए हैं।
नाम और पते में सुधार के लिए सबसे ज्यादा 49,191 आवेदन उत्तर-पूर्वी जिले से मिले हैं। पूर्वी जिले से 45,429, दक्षिण-पूर्वी से 41,405 और पश्चिमी जिले से 38,097 आवेदन आए हैं।
अब तक नाम जुड़वाने के 2,81,360, नाम कटवाने के 34,204 और सुधार के 2,64,688 आवेदनों पर कार्रवाई पूरी की जा चुकी है।
47.5 लाख नाम मसौदा सूची से बाहर
एसआईआर के तहत 31 अगस्त को जारी मतदाता सूची के मसौदे में पहले की करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं वाली सूची से 47.5 लाख नाम शामिल नहीं किए गए थे।
इनमें 43.32 लाख ऐसे लोग थे जो अपना पता बदलकर कहीं और चले गए थे। इसके अलावा 2.82 लाख मृत और 1.45 लाख ऐसे मतदाता थे जिनके नाम एक से अधिक जगह दर्ज थे। इन लोगों को दोबारा सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
32.95 लाख मामलों की जांच पूरी
इसके अलावा जिन 33,14,032 मतदाताओं के नाम और पुराने रिकॉर्ड का मिलान नहीं हो पाया या जिनके रिकॉर्ड में अंतर मिला, उन्हें नोटिस भेजे गए थे।
इनमें से 23 नवंबर तक 32,95,950 मामलों की जांच पूरी हो चुकी है। इससे इन मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में शामिल करने का रास्ता साफ हुआ है।
यह भी पढ़ें- BJP अध्यक्ष नितिन नवीन के डीपफेक वीडियो पर दिल्ली में FIR, न्यूज एजेंसी की फुटेज से की गई थी छेड़छाड़
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।