विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NDMC कर्मचारियों पर गिरेगी गाज, बायोमेट्रिक हाजिरी नहीं लगाने वालों का रुकेगा वेतन; चेयरमैन ने दिया अल्टीमेटम

Published: Sun, 15 Nov 2026 09:01 PM (IST)

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने बायोमेट्रिक हाजिरी न लगाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है, जिसमें वेतन रोकने का निर्देश दिया गया है।

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद। फोटो- जागरण आर्काइव

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद। फोटो- जागरण आर्काइव

HighLights

  1. एनडीएमसी में बायोमेट्रिक हाजिरी न लगाने वालों पर कार्रवाई शुरू।

  2. लगभग 67% कर्मचारी बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली का उपयोग नहीं कर रहे।

  3. पंजीकरण न कराने पर दो सप्ताह बाद वेतन रोकने का निर्देश।

निहाल सिंह, नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) में अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर अब सख्ती शुरू हो गई है। कार्यालय में समय पर नहीं पहुंचने और बायोमेट्रिक हाजिरी नहीं लगाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी है।

एनडीएमसी चेयरमैन मनोज कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली में पंजीकरण नहीं कराने वाले और पंजीकरण कराने के बावजूद हाजिरी नहीं लगाने वाले कर्मचारियों का वेतन रोक दिया जाए।

पूरी तरह अनुपालन होने तक उनका वेतन जारी नहीं किया जाएगा। हालांकि फिलहाल दो सप्ताह का समय दिया गया है अगर फिर भी पंजीकरण नहीं किया गया तो वेतन नहीं मिलेगा।

67 प्रतिशत से ज्यादा कर्मचारी नहीं लगा रहे बायोमेट्रिक

एनडीएमसी की रिपोर्ट के अनुसार 13376 कर्मचारियों में से महज 4352 ने ही बायोमेट्रिक हाजिरी 10 नवंबर को लगाई। वहीं, 9024 कर्मचारियों की उपस्थिति इस प्रणाली में दर्ज नहीं हुई। यानी करीब 67.5 प्रतिशत कर्मचारी बायोमेट्रिक हाजिरी नहीं लगा रहे हैं। केवल 32.5 प्रतिशत कर्मचारियों की ही उपस्थिति दर्ज हुई है।

सिविल इंजीनियरिंग में सबसे खराब स्थिति

विभागवार आंकड़ों में सबसे खराब स्थिति सिविल इंजीनियरिंग विभाग की है। यहां 2789 कर्मचारियों में से 876 ने ही हाजिरी लगाई, जबकि 1913 की उपस्थिति दर्ज नहीं हुई। जनस्वास्थ्य विभाग में 2061 में से 405 कर्मचारियों ने हाजिरी लगाई और 1656 की उपस्थिति दर्ज नहीं हुई।

बिजली विभाग के 1939 कर्मचारियों में से 448 ने ही बायोमेट्रिक हाजिरी लगाई। यहां 1491 कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज नहीं हुई। इसी तरह शिक्षा विभाग के 1810 कर्मचारियों में से 652, जबकि उद्यान विभाग के 1279 कर्मचारियों में से 431 ने ही हाजिरी लगाई। चिकित्सा सेवा विभाग में 647 में से 230 कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज हुई।

दो सप्ताह में पंजीकरण का अल्टीमेटम

13 नवंबर को अधिकारियों के साथ साझा किए गए निर्देशों में चेयरमैन ने सभी विभागाध्यक्षों (एचओडी) को अपने विभाग की रिपोर्ट की समीक्षा करने को कहा है। अगले दो सप्ताह में बायोमेट्रिक प्रणाली में पंजीकरण कराने के लिए सर्कुलर जारी करने का निर्देश दिया गया है।

साथ ही सभी कर्मचारियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है।निर्देशों में दो श्रेणियों के कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कही गई है। पहली श्रेणी में वे कर्मचारी हैं, जिन्होंने आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रणाली में पंजीकरण नहीं कराया है।

दूसरी श्रेणी में वे कर्मचारी हैं, जिन्होंने पंजीकरण तो करा लिया है, लेकिन नियमित रूप से हाजिरी नहीं लगा रहे हैं। दोनों ही श्रेणियों के कर्मचारियों का वेतन पूरी तरह अनुपालन होने तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

समय पर कार्यालय पहुंचने की भी होगी निगरानी

एनडीएमसी चेयरमैन ने निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी को निर्देश दिए हैं कि समय पर न आने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों की निगरानी करे। सभी विभागाध्यक्षों को अपने विभाग में निर्धारित कार्यालय समय का पालन कराने के निर्देश भी दिए गए थे।

चेयरमैन ने विभागों में कर्मचारियों की तैनाती की समीक्षा करने और तीन साल से अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात कर्मचारियों का ब्योरा भी मांगा है। इसके आधार पर तबादलों और तैनाती को तर्कसंगत बनाने की प्रक्रिया की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में तेज हवाओं और बूंदाबांदी से थोड़ी राहत, 290 पर पहुंचा AQI; दो दिन बाद फिर बिगड़ सकते हैं हालात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।