विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में तेज हवाओं और बूंदाबांदी से थोड़ी राहत, 290 पर पहुंचा AQI; दो दिन बाद फिर बिगड़ सकते हैं हालात

Published: Sun, 15 Nov 2026 08:19 PM (IST)

दिल्ली को रविवार को हवा की रफ्तार बढ़ने और हल्की बूंदाबांदी से प्रदूषण से कुछ राहत मिली, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक 290 पर आ गया है।

दिल्ली का वायु प्रदूषण। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली का वायु प्रदूषण। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. तेज हवा और बूंदाबांदी से दिल्ली की हवा सुधरी।

  2. वायु गुणवत्ता सूचकांक 290 पर पहुंचा, 'खराब' श्रेणी में।

  3. मंगलवार से फिर बिगड़ सकती है दिल्ली की हवा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। कई दिनों से जहरीली हवा और धुंध की चादर में लिपटी दिल्ली को रविवार को मौसम ने कुछ राहत दी। हवा की रफ्तार बढ़ने और हल्की बूंदाबांदी से प्रदूषक कणों को फैलने में मदद मिली और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) घटकर 290 पर आ गया।

इसके साथ ही दिल्ली की हवा पांच दिन बाद बहुत खराब श्रेणी से निकलकर खराब श्रेणी में पहुंच गई। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने की उम्मीद नहीं है।

दो दिन बाद फिर बिगड़ सकती है हवा की गुणवत्ता

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को भी हवा खराब श्रेणी में रह सकती है, लेकिन मंगलवार से बुधवार के बीच वापस बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है। इसके बाद अगले छह दिनों तक भी प्रदूषण का स्तर इसी श्रेणी में रहने का अनुमान है।

क्या कहते हैं CPCB के आंकड़े?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, रविवार शाम चार बजे दिल्ली का औसत एक्यूआइ 290 दर्ज किया गया। सुबह के समय यह 350 था और हवा बहुत खराब श्रेणी में थी। शहर के 58 निगरानी केंद्रों में से 34 पर हवा खराब, जबकि 23 केंद्रों पर बेहद खराब श्रेणी में रही।

दिल्ली कैंट में एक्यूआइ 200 से 300 के बीच यानी मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। द्वारका स्थित एनएसआइटी केंद्र में सबसे ज्यादा 364 एक्यूआइ रिकार्ड हुआ। इससे पहले 10 नवंबर को दिल्ली का एक्यूआइ 299 था। इसके बाद लगातार पांच दिन हवा बहुत खराब श्रेणी में बनी रही। इस दौरान कई बार प्रति घंटे का एक्यूआइ गंभीर श्रेणी के करीब पहुंचा और एक बार इसे पार भी कर गया।

बायोमास जलाना सबसे बड़ा प्रदूषण स्रोत

रियल टाइम स्रोत विश्लेषण के अनुसार, रविवार को दिल्ली के प्रदूषण में बायोमास जलाने की हिस्सेदारी सबसे अधिक 37.1 प्रतिशत रही। इसमें पराली जलाने के साथ घरेलू स्तर पर लकड़ी, गोबर के उपले और अन्य ठोस जैव ईंधन जलाना शामिल है। दूसरे स्थान पर 22 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ सेकेंडरी आर्गेनिक एयरोसोल रहे।

ये हवा में गैसों के रासायनिक बदलाव से बनने वाले सूक्ष्म कण हैं। वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन की हिस्सेदारी 17.2 प्रतिशत रही। इसके अलावा सेकेंडरी इनआर्गेनिक एयरोसोल का योगदान 9.6 प्रतिशत दर्ज किया गया। कूड़ा जलाने से 5.5 प्रतिशत, मिश्रित ईंधन दहन से 4.3 प्रतिशत, खनिज धूल और राख से दो प्रतिशत तथा पटाखों से 1.6 प्रतिशत प्रदूषण का योगदान रहा। औद्योगिक उत्सर्जन की हिस्सेदारी 0.6 प्रतिशत आंकी गई।

मंगलवार से कमजोर पड़ेंगी हवाएं

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, रविवार को दक्षिण-पश्चिम दिशा से चली हवाओं की गति 15 किमी प्रति घंटे तक पहुंची। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में दिल्ली के कई इलाकों में बहुत हल्की वर्षा या बूंदाबांदी दर्ज की गई। इससे वातावरण में मौजूद प्रदूषक कणों के बिखरने में मदद मिली। हालांकि, आने वाले दिनों में हवा की स्थिति फिर प्रतिकूल हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का वेंटिलेशन इंडेक्स रविवार को 16 हजार वर्ग मीटर प्रति सेकंड तक रहा। सोमवार को यह घटकर 15 हजार, मंगलवार को 7500 और बुधवार को छह हजार वर्ग मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच सकता है।

वेंटिलेशन इंडेक्स छह हजार से नीचे जाने और हवा की औसत रफ्तार 10 किमी प्रति घंटे से कम रहने पर प्रदूषकों का फैलाव मुश्किल हो जाता है। ऐसे में रविवार को मिली राहत के बाद अगले दो-तीन दिन दिल्ली की हवा के लिए फिर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

ग्रेप-3 के प्रतिबंध अभी रहेंगे बरकरार

रविवार को एक्यूआइ 290 आ जाने के बावजूद दिल्ली और एनसीआर में ग्रेप 3 के प्रतिबंध अभी बने रहेंगे। जागरण से बातचीत में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के सदस्य सचिव तरुण पिथौड़े ने बताया कि हवा में यह सुधार एक दो दिन के लिए ही है। मंगलवार से परिस्थितियां फिर बिगड़ने का पूर्वानुमान है। इसलिए अभी ग्रेप 3 नहीं हटाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- फर्जी IPS अधिकारी बनकर ठगे 71 लाख रुपये, दिल्ली पुलिस ने दो युवतियों समेत तीन को दबोचा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।