फर्जी IPS अधिकारी बनकर ठगे 71 लाख रुपये, दिल्ली पुलिस ने दो युवतियों समेत तीन को दबोचा
दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ ने फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर एक महिला से 71 लाख रुपये ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर महिला से 71 लाख रुपये ठगे।
दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ ने तीन जालसाजों को दबोचा।
आरोपित म्यूल बैंक खातों से ठगी की रकम ठिकाने लगाते थे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। फर्जी आइपीएस अधिकारी बन डिजिटल अरेस्ट कर 71 लाख रुपये ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक आपरेशंस (आइएफएसओ) ने तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में दो युवतियां भी शामिल हैं।
इनके कब्जे से ठगी की रकम से खरीदे गए तीन नए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में पता चला कि आरोपित साइबर ठगों को ठगी की रकम ठिकाने लगाने के लिए म्यूल बैंक अकाउंट (आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले अकाउंट) उपलब्ध कराते थे। पुलिस इनसे पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर दी धमकी
आईएफएसओ के उपायुक्त गौरव त्यागी के मुताबिक, पीड़िता को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से वीडियो कॉल आई थी। कॉलर ने खुद को मुंबई में तैनात आइपीएस अधिकारी बताया और कहा कि उनके नाम पर जारी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करीब 6.5 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग में किया गया है।
इसके बाद उसे गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत में भेजने की धमकी दी गई। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए खाते का सत्यापन कराने के नाम पर रकम ट्रांसफर करने को कहा गया। डर के चलते पीड़िता ने दो बैंक खातों में कुल 71 लाख रुपये भेज दिए।
म्यूल बैंक खातों का हुआ खुलासा
इस संबंध में आठ अक्टूबर को स्पेशल सेल थाने में ई-एफआइआर दर्ज की गई। जांच के दौरान आईएफएसओ की टीम ने रकम के लेन-देन का वित्तीय ट्रेल खंगाला तो कई म्यूल बैंक खातों का नेटवर्क सामने आया। इन खातों के जरिये ठगी की रकम प्राप्त कर अलग-अलग खातों में भेजी जा रही थी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर भोपाल से 31 वर्षीय युवती, 28 वर्षीय अमन सोनी और उसकी 30 वर्षीय बहन को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपित अपने बैंक खाते हैंडलर्स को उपलब्ध कराते थे। इनके जरिये करीब 15 लाख रुपये निकाले गए और आरोपितों व उनके साथियों के बीच बांटे गए।
ठगी की रकम के एक हिस्से से महंगे मोबाइल फोन भी खरीदे गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपित बड़े साइबर ठगी नेटवर्क के लिए बैंक खातों की व्यवस्था करने और रकम निकालने का काम करते थे। मामले में अन्य साथियों और नेटवर्क के हैंडलर्स की भूमिका की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।