Delhi Crime: इंस्टाग्राम से पकड़ में आया लड़कियों को फुसलाकर भगाने वाला युवक
पुलिस ने आरोपितों को ट्रेस करने के लिए उन्हीं के एक दोस्त की मदद ली। इंस्टाग्राम पर उससे अनिल के पास मैसेज भिजवाया गया। इस दौरान इंस्टाग्राम पर अनिल ने उसे तुरंत जवाब दिया। इसके बाद पुलिस ने आइपी एड्रेस के जरिये इंस्टाग्राम अकाउंट की लोकेशन ट्रेस कर ली।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। संगम विहार इलाके से लापता हुई दो लड़कियों को पुलिस ने मंगलवार को राजस्थान के जैसलमेर से सकुशल ढूंढ़ निकाला। पुलिस ने लड़कियों को बहलाकर भगाने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इंस्टाग्राम से आरोपितों की लोकेशन ट्रेस की थी। आरोपितों की पहचान संगम विहार निवासी अनिल और तेजाराम के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया 15 सितंबर को संगम विहार निवासी एक महिला ने उसकी 16 और 17 साल की दो लड़कियों के घर से गायब होने की सूचना दी। पीडि़ता ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला अनिल नाम का युवक भी गायब है। इस वजह से बेटियों के गायब होने के पीछे अनिल पर शक जताया गया। नेब सराय थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो दोनों लड़कियां तड़के साढ़े तीन बजे जाते हुए दिखाई दीं। उन्होंने बांध रोड संगम विहार से कहीं जाने के लिए ऑटो लिया था। यह भी पता चला लड़कियां एक अंजान नंबर से संपर्क में थीं और अनिल भी उसी नंबर से संपर्क में था। घटना के बाद से सभी के मोबाइल बंद आ रहे थे।
पुलिस ने आरोपितों को ट्रेस करने के लिए उन्हीं के एक दोस्त की मदद ली। इंस्टाग्राम पर उससे अनिल के पास मैसेज भिजवाया गया। इस दौरान इंस्टाग्राम पर अनिल ने उसे तुरंत जवाब दिया। इसके बाद पुलिस ने आइपी एड्रेस के जरिये इंस्टाग्राम अकाउंट की लोकेशन ट्रेस कर ली। इसके बाद दोनों लड़कियों को जैसलमेर से बरामद कर अनिल और उसकी मदद करने वाले तेजाराम को गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, मध्य जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम ने हथियारों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। वह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से दिल्ली में हथियार बेचने के लिए आया था। पुलिस के मुताबिक आरोपित नीरज कुमार से देसी पिस्टल, देसी कट्टा और पांच कारतूस बरामद हुए हैं। स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि पूर्वी पटेल नगर में मंदिर वाली रोड पर एक युवक संदिग्ध लग रहा है और उसके पास हथियार भी हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो