Delhi Weather News: दिल्ली में सोमवार से बढ़ सकती है ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Delhi Weather Updates दिल्ली में सोमवार से ठंड बढ़ सकती है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री कम है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को आकाश साफ रहा। सुबह के वक्त में ठंड रही और दिन में धूप निकलने से मौसम खुशनुमा रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक अभी मौसम में बहुत ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं, रविवार को भी आकाश साफ नजर आ रहा है। हालांकि सबुह में कुछ धुंध होने से दृश्यता कम रही।
आठ डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है पारा
अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार से ठंड थोड़ी बढ़ने से न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस पर आ सकता है। अगले कुछ दिनों तक इससे ज्यादा तापमान में गिरावट होने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।
लोधी रोड में न्यूनतम तापमान सबसे कम आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिल्ली में फिर बढ़ा प्रदूषण
राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर थोड़ा बढ़ गया है। इस वजह से 5 दिन बाद एक बार फिर शनिवार को दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। ग्रेटर नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही। हालांकि एनसीआर के अन्य शहरों में प्रदूषण का स्तर थोड़ा कम होने से हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही।
ये भी पढ़ें-