जीजा को चाकू मारकर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले तीन गिरफ्तार
वारदात के दूसरे दिन पुलिस की कई टीमों ने काफी मशक्कत के बाद तीन बदमाशों को दबोच लिया। इन पर एक किशोरी के साथ गलत काम करने का आरोप है।
नई दिल्ली, शुजाउद्दीन। हर्ष विहार इलाके में पुलिस की नाक के नीचे तीन बदमाशों ने थाने से महज कुछ ही दूरी पर एक शख्स को चाकू घोंपकर उसकी किशोरी साली से सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के दूसरे दिन पुलिस की कई टीमों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों की पहचान सल्लू, राजीव और इकराम के रूप में हुई है। बदमाशों के खिलाफ पहले से चोरी और लूट के कई मुकदमे दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता से बदमाशों की पहचान करवाई जानी है, इस वजह से उनसे जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकते हैं। हर्ष विहार थाना ने बृहस्पतिवार देर शाम तीनों बदमाशों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस वारदात के बाद से ही पीड़िता खौफ में हैं, उसका रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस पीड़िता की काउंसलिंग करवा रही है। पीड़िता के जीजा को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। पुलिस के अनुसार पीड़िता हर्ष विहार थाना क्षेत्र के एक इलाके में रहती है, पिछले काफी वक्त से वह अलीगढ़ अपने किसी रिश्तेदार के घर गई हुई थी। मंगलवार शाम को पीड़िता और उसका जीजा अलीगढ़ से दिल्ली के लिए निकले। देर रात को दोनों आनंद विहार बस अड्डे पर उतरे। हर्ष विहार जाने के लिए ऑटो लिया। रात दो बजे पीड़ित ऑटो से मंडोली जेल के पास उतरे। जेल रोड होते हुए घर जाने लगे, जब वह बुध विहार चौक के पास पहुंचे। तभी तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने चाकू निकालकर दोनों के साथ लूटपाट शुरू कर दी।
पीड़िता के जीजा से पर्स लूट लिया, जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू घोंप दिया। इसके बाद बदमाश किशोरी को एक निर्माणाधीन मकान में ले गए और वहां सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात स्थल से कुछ ही दूरी पर थाना बना हुआ है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पीड़िता और उसके जीजा को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने तीनों को हर्ष विहार इलाके से ही दबोच लिया है। पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने कहा कि वह रात के वक्त लूटपाट के लिए निकले थे, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर उन्होंने किशोर से सामूहिक दुष्कर्म कर दिया।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो