सुधा मूर्ति ने दिया मंत्र, खुद से स्पर्धा करो तो जरूर मिलेगी सफलता
अर्जुन ने भी श्रीकृष्ण से पूछा था कि चंचल मन पर नियंत्रण कैसे करूं? तब श्रीकृष्ण ने कहा था कि मन चंचल है जो हवा की तरह उड़ता है लेकिन अभ्यास करके उस पर नियंत्रण करो और अपने लक्ष्य की तरफ आगे बढ़ो तभी सफलता मिलेगी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों के साथ इन्फोसिस फाउंडेशन की चेयरमैन सुधा मूर्ति ने बुधवार को उद्यमिता पर संवाद किया। लाइव एंटरप्रेन्योरशिप इंट्रेक्शन (उद्यमिता पर संवाद) के तहत सुधा ने बच्चों से कहा कि सच्ची प्रेरणा हमें अपने अंदर से मिलती है, खुद से प्रतियोगिता करो तो सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली आकर स्कूली बच्चों से मिलना चाहती हूं। छात्रों को अपने सपनों के लिए जुनून के साथ कड़ी मेहनत की सीख देते हुए उन्होंने जीवन में हमेशा सकारात्मक रवैया रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि धैर्य से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ो और असफलता से डरने के बदले उससे सीख लो। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए किताब लिखते वक्त खुद बच्ची बन जाती हूं। गेम खेलने, फास्ट फूड खाने की आदतों पर आत्मनियंत्रण जरूरीसुधा ने कहा कि छात्रों को हमेशा अपने मन को काबू करना होगा। कंप्यूटर गेम खेलने, फास्ट फूड खाने, अनावश्यक बाहर निकलने जैसी आदतों पर आत्मनियंत्रण जरूरी है। बच्चों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने महाभारत का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा कि अर्जुन ने भी श्रीकृष्ण से पूछा था कि चंचल मन पर नियंत्रण कैसे करूं? तब श्रीकृष्ण ने कहा था कि मन चंचल है जो हवा की तरह उड़ता है, लेकिन अभ्यास करके उस पर नियंत्रण करो और अपने लक्ष्य की तरफ आगे बढ़ो, तभी सफलता मिलेगी। मूर्ति ने बच्चों को अपनी मातृभाषा और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर अच्छी पकड़ बनाने की सलाह दी।
रोज सीखने की चीज है उद्यमिता
वहींम, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने संवाद के दौरान कहा कि उद्यमिता हर दिन सीखने की चीज है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अभी से सही दिशा देने के लिए दिल्ली सरकार ने स्कूलों में उद्यमिता पर संवाद का सफल प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चों में से ही किसी को भविष्य में सुधा मूर्ति जैसी सफलता मिलेगी। सुधा अंग्रेजी और कन्नड़ की प्रसिद्ध लेखिका हैं तथा उन्हें पद्मश्री पुरस्कार सहित कई सम्मान मिले हैं। उनका जीवन काफी प्रेरक है। आइटी सेक्टर तथा सामाजिक उद्यमिता के क्षेत्र में काम करने वालों के लिए इन्फोसिस एक बड़े सपने का नाम है। उन्होंने उद्यमियों की एक पूरी पीढ़ी को प्रेरणा दी। इनके कारण प्रतिभाशाली लोग सोशल सेक्टर से जुड़कर देश सेवा कर रहे हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो