Move to Jagran APP

चिलचिलाती धूप, उमस भरी गर्मी के साथ लू..., अभी और पसीना बहाने को रहें तैयार, IMD ने राहत को लेकर क्या कहा

शनिवार को प्रचंड गर्मी ने भी दिल्ली के मतदाताओं का इम्तिहान लेने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सुबह से ही चिलचिलाती धूप परेशान करने लगी थी तो दिन चढ़ने के साथ-साथ विभिन्न इलाकों में लू भी चलने लगी। हवा की दिशा दक्षिणी पूर्वी से उत्तर पश्चिमी हो गई तो उमस से पसीने छूटने लगे। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 43.4 डिग्री दर्ज किया गया

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Published: Sun, 26 May 2024 06:00 AM (IST)Updated: Sun, 26 May 2024 07:38 AM (IST)
दिल्ली में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। शनिवार को प्रचंड गर्मी ने भी दिल्ली के मतदाताओं का इम्तिहान लेने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सुबह से ही चिलचिलाती धूप परेशान करने लगी थी तो दिन चढ़ने के साथ-साथ विभिन्न इलाकों में लू भी चलने लगी। हवा की दिशा दक्षिणी पूर्वी से उत्तर पश्चिमी हो गई तो उमस से पसीने छूटने लगे।

इस सबका नतीजा यह रहा कि शुक्रवार शाम जहां मौसम विभाग ने शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट को येलो में तब्दील कर दिया था, शनिवार को उसे वापस ऑरेंज में बदल दिया। आगामी चार पांच दिन तक भीषण गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं है।

शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 30.6 डिग्री रहा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 43.4 डिग्री दर्ज किया गया। हीट इंडेक्स 48.0 रहा यानी गर्मी का अहसास भी कमोबेश इतना ही हुआ। हवा में नमी का स्तर 64 से 26 प्रतिशत रहा। मुंगेशपुर दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां का अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

अधिकतम तापमान और बढ़ेगा

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालय पर कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के नहीं बनने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। 26 से 29 मई तक लू चलेगी। चारों दिन के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

कितनी रहेगी हवा की गति

26 से 27 मई तक गर्म हवा की रफ्तार 20 से 30 किमी प्रति घंटा रहेगी। वहीं 27 से 29 मई तक यह रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। 30 मई से गर्मी कम होने के आसार हैं। 30 से 31 मई के दौरान हवा की रफ्तार 25 से 35 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।

31 मई को आसमान में हल्के बादलों की मौजूदगी नजर आ सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है।

शनिवार को दिल्ली के इन इलाकों में रही भीषण गर्मी की मार (डिग्री सेल्सियस में)

इलाका          अधिकतम तापमान        न्यूनतम तापमान

पालम                  44.5                           30.6

रिज                     44.9                           26.7

आयानगर             44.8                           29.6

जाफरपुर             45.3                            30.5

मुंगेशपुर              46.9                            28.7

नजफगढ़             46.8                            32.1

नरेला                  46.7                            29.4

पीतमपुरा             45.8                            32.5

पूसा                    45.6                            30.8


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.