यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कहानी राव कोचिंग सेंटर की: अर्श से फर्श तक पहुंची 70 साल की मेहनत, तीन IAS अभ्यर्थियों की जिंदगियां निगल हुआ बर्बाद
Delhi Rau Coaching Centre Incident IAS बनने का सपना रखने वाले अभ्यर्थियों को देश का भविष्य बनाने वाला राव कोचिंग ...और पढ़ें

HighLights
- दिल्ली में राव कोचिंग सेंटर में हुआ था बड़ा हादसा।
- इस हादसे में तीन IAS अभ्यर्थियों की हो गई थी मौत।
- हादसे के बाद MCD के जेई और एई पर गिरी है गाज।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Rau Coaching Centre Incident करीब 70 साल पहले शुरू हुए राव कोचिंग सेंटर ने कई छात्रों के भविष्य को बहुत ऊंचाइयां तक पहुंचाया है। लेकिन हाल ही में बारिश के चलते राजधानी दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में स्थित राव कोचिंग सेंटर में हुए हादसे ने आईएएस (IAS) की तैयारी कर रहे तीन अभ्यर्थियों की जिंदगी को छीन लिया। इस घटना से राव कोचिंग सेंटर कटघरे में आ गया है।
वहीं, इस घटना के बाद से जहां मामले पर राजनीति शुरू हो गई है तो वहीं MCD के जेई और एई पर गाज भी गिर गई है। जेई को बर्खास्त किया है, जबकि एई को निलंबित किया गया है। उधर, दिल्ली पुलिस अब तक बिल्डिंग के मालिक समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
अर्श से फर्श पर पहुंचा राव कोचिंग सेंटर
राव कोचिंग सेंटर की 70 सालों की मेहनत अचानक अर्श से फर्श तक पहुंच गई है। कई अभ्यर्थियों को अर्श तक पहुंचाने वाला कोचिंग सेंटर अब खुद प्रशासन के शिकंजे में आ गया है। सवाल उठ रहा है कि इतनी मोटी रकम (फीस) लेकर भी छात्रों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा था। जिसके चलते ही तीन अभ्यर्थियों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
कैसे हुई थी कोचिंग सेंटर की शुरुआत
राव कोचिंग सेंटर की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 70 साल पहले 1953 में डॉ. एस राव ने इस कोचिंग सेंटर की शुरुआत की थी, जो आज तक देश के राज्यों में अभ्यर्थियों को कोचिंग करा रहा है। लिंक्डइन पर राव कोचिंग सेंटर की प्रोफाइल, जिसके अनुसार इस कंपनी में करीब 200 कर्मचारी कार्यरत हैं।
वहीं, वर्तमान में इस कंपनी के सीईओ अभिषेक गुप्ता Abhishek Gupta हैं। अभिषेक गुप्ता पिछले करीब 15 साल से आईएस स्टडी सर्किल के सीईओ हैं। राव कोचिंग सेंटर की दिल्ली, जयपुर और बंगलुरु में ब्रांच हैं।
कौन-कौन से कोर्स कराता है राव कोचिंग सेंटर
UPSC प्रारंभिक और UPSC मुख्य परीक्षा
UPSC मुख्य परीक्षा के लिए वैकल्पिक विषय
UPSC मॉक साक्षात्कार मार्गदर्शन
UPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए CSAT फाउंडेशन कोर्स
सामान्य अध्ययन के लिए टेस्ट सीरीज और QIP
वैकल्पिक विषयों के लिए टेस्ट सीरीज और QIP
कितनी फीस लेता है राव कोचिंग सेंटर
राव कोचिंग सेंटर की वेबसाइट के अनुसार, हर कोर्स की समय अवधि के तहत अलग फीस है।
. सामान्य अध्ययन (प्री और मेन्स) की कुल फीस 1 लाख 75 हजार 500 रुपये (ऑफलाइन) और 95,500 रुपये (लाइव-ऑनलाइन) की है।
. छह महीने के वैकल्पिक विषयों के पाठ्यक्रम की फीस 55,500 रुपये (ऑफलाइन) और 45,500 रुपये (लाइव-ऑनलाइन) की है।
. तीन महीने के सिविल सेवा योग्यता परीक्षा (CSAT) कोचिंग कोर्स की फीस 18,500 रुपये (ऑफलाइन) और 12,500 (लाइव-ऑनलाइन) है।
कैसे हुई थी छात्रों की मौत
पुलिस ने बताया कि दिल्ली अग्निशमन विभाग को शनिवार शाम करीब सात बजे राव आईएएस स्टडी सेंटर और करोल बाग इलाके में जलभराव की सूचना मिली थी। पुलिस को बताया गया कि दो या तीन छात्र बाढ़ वाले बेसमेंट में फंसे हुए हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उन्होंने बेसमेंट में काफी पानी भरा हुआ पाया। जब पानी को बाहर निकालने का प्रयास किया गया तो शुरुआत में बाधा आई, क्योंकि बारिश का पानी बेसमेंट में जाता जा रहा था।
हालांकि, जब सड़क से पानी कम हुआ, तो पानी के स्तर 12 फीट से घटकर आठ फीट तक हो गया। पानी कम होने के बाद पता चला की तीन छात्रों की मौत हो गई और उनके शवों को बाहर निकाला गया।
30 छात्र पानी में फंसे थे
पुलिस ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि कोचिंग सेंटर में लगभग 30 छात्र थे, जिनमें से 14 को बचा लिया गया और अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य खुद बच निकल गए थे।
यह भी पढ़ें- राजेंद्र नगर में तीन छात्रों की मौत पर MCD सदन में हंगामा, टेबल पर चढ़कर BJP के पार्षदों ने की जमकर नारेबाजी
इन तीन छात्रों की हुई मौत
जिन तीन छात्रों की मौत हुई उनमें उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर की श्रेया यादव, तेलंगाना की तान्या सोनी और केरल के एर्नाकुलम के निविन दलविन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- कोचिंग सेंटरों और मकान मालिकों के मकड़जाल में उलझा छात्रों का भविष्य, ₹2 लाख फीस तो 20 से 40 हजार है कमरे का किराया
सुरक्षा के इंतजाम पूरे होते तो न जाती जान
दिल्ली में अपने नाम से फेमस राव कोचिंग सेंटर अगर नियमों का पालन करता तो शायद आईएएस की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की जान नहीं जाती। अधूरे इंतजामों के साथ ही राव कोचिंग सेंटर बेसमेंट में छात्रों को प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करा रहा था। इसी लापरवाही की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ है। इस हादसे के बाद अब तक बिल्डिंग मालिक समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें एक थार कार का मालिक भी शामिल है।
