Raksha Bandhan 2022: रक्षा बंधन को लेकर कन्फ्यूजन में लोग, जानें दिल्ली एनसीआर में कब मनाया जाएगा ये पर्व?
इस बार रक्षाबंधन (Raksha Bandhan 2022) के पर्व को लेकर दिल्ली-एनसीआर के लोगों में ऊहापोह की स्थिति है। इसे दो दिन मनाया जा रहा है। कोई इसे 11 अगस्त यानी बृहस्पतिवार को मना रहा है तो कोई इसे 12 अगस्त को।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। इस बार रक्षाबंधन (Raksha Bandhan 2022) के पर्व को लेकर दिल्ली-एनसीआर के लोगों में ऊहापोह की स्थिति है। इसे दो दिन मनाया जा रहा है। कोई इसे 11 अगस्त यानी बृहस्पतिवार को मना रहा है तो कोई इसे 12 अगस्त को।
वैसे, ज्योतिषाचार्यो के मुताबिक इसे दोनों ही दिन मनाया जा सकता है। झंडेवाला मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अंबिका प्रसाद ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से लेकर पूर्वाह्न 10.39 तक रक्षाबंधन का पर्व मना सकते हैं। इसके बाद भद्रा है, जो रात्रि को आठ बजकर 51 मिनट तक है।
ये भी पढ़ें- Delhi: AAP MLA अमानतुल्लाह की मुश्किलें बढ़ीं, एसीबी ने LG से की दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग
ये रहेगा रक्षा बंधन मनाने का समय
उसके बाद रात्रि नौ बजे से इसे मनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इसी तरह 12 अगस्त यानी शुक्रवार को सुबह सात बजकर छह मिनट तक पूर्णिमा है। वह समय सूर्योदय का है। माना जाता है कि जो तिथि सूर्योदय में होती है, उसे पूरे दिन मना सकते हैं।
12 अगस्त को पूरे दिन मना सकते हैं रक्षा बंधन
इसलिए 12 अगस्त को पूरे दिन रक्षाबंधन का पर्व मनाया जा सकता है। इसी तरह चांदनी चौक स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित रमेश चंद ने कहा कि 11 अगस्त को भद्रा का दोष है, जिसे शुभ कार्य के लिए अशुभ माना जाता है। इसलिए 12 को ही रक्षाबंधन मनाना मंगलकारी है। पूरा दिन शुभ है।