बर्ड फ्लू की दहशत के बीच चिड़ियाघर में विदेशी परिंदों ने डाला डेरा
दिल्ली के चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि यहां बर्ड फ्लू से हालात इस स्तर तक खराब नहीं हुए हैं कि विदेशी परिंदों को खतरा हो।
नई दिल्ली [राकेश प्रजापति]। बर्ड फ्लू के चलते चिड़ियाघर आगंतुकों के लिए बंद है, लेकिन विदेशी परिंदों ने लिए यहां के द्वार खुले हुए हैं। विदेशी परिंदों ने अपनी पसंदीदा जगहों पर डेरा डालना शुरू कर दिया है। उत्तर मध्य एशिया से पिनटेल बतख और दक्षिणी पूर्वी एशिया से आने वाली रंग बिरंगी काया वाली शोवेलर बतख ने यहां पहुंचना शुरू कर दिया है। इनके शुरुआती जत्थे ने यहां के तालाबों में डेरा डाल दिया है।
बर्ड फ्लू के चलते 18 अक्टूबर से चिड़ियाघर बंद है। ऐसे में यहां विदेशी परिंदों के आने से चिड़ियाघर प्रशासन काफी खुश है। चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि यहां बर्ड फ्लू से हालात इस स्तर तक खराब नहीं हुए हैं कि विदेशी परिंदों को खतरा हो।
बर्ड फ्लू से सुरक्षित है दिल्ली की संजय झील, बरती जा रही पूरी सर्तकता
चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है दाना-पानी बंद होने से विदेशी परिंदों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। विदेश से आने वाले ज्यादातर पक्षी बतख प्रजाति के है जो अपना भोजन स्वयं ढूंढने में सक्षम हैं। ये परिंदे चिड़ियाघर प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन पर निर्भर नही हैं।
चिड़ियाघर के प्रवक्ता रियाज खान ने बताया कि आने वाले दिनों में इन विदेशी परिंदों की संख्या में इजाफा होगा। साथ ही अन्य पक्षी जैसे कि मेलार्ड आदि भी पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि पिंजरे में रहने वाली मुनिया पक्षी की मौत हुई है। हालांकि उन्होंने उसके बर्ड फ्लू की चपेट में आने की बात को नकार दिया।
दिल्ली में बर्ड फ्लू की दहशत के बीच मंत्री का मंडी दौरा, देखें तस्वीरें
मौसम के करवट लेने से चिड़ियाघर प्रशासन ने जानवरों को ठंड से बचाने के इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। पुआल से लेकर हीटर आदि का इंतजाम किया जा रहा है। आने वाले दिनों में जैसे ही ठंड बढ़ेगी इन्हें जानवरो के बाड़े में लगा दिया जाएगा।