नए कृषि कानून का विरोध: पंजाब युवा कांग्रेस के पांच कार्यकर्ता गिरफ्तार, बरिंदर ढिल्लो की तलाश जारी
प्रदर्शनकारी पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में कार से राजपथ पहुंचे थे। ट्रैक्टर में आग लगाने का वीडियो पंजाब युवा कांग्रेस के फेसबुक पेज पर लाइव किया गया। डीसीपी ईश सिंघल ने बताया कि इस मामले में बरिंदर सिंह ढिल्लो की तलाश कर रही है। ---------------
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोमवार सुबह इंडिया गेट के पास एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। यही ट्रैक्टर बीते 20 सितंबर को अंबाला से सटे पंजाब के सिद्दोपुर गांव में जलाया गया था।
पुलिस ने रोका तो ट्रैक्टर में लगा दी आग
पंजाब युवा कांग्रेस के प्रधान बरिंदर सिंह ढिल्लो ने एक किसान से यह ट्रैक्टर खरीदा था। गत 20 सितंबर को पंजाब से दिल्ली प्रदर्शन के लिए आ रहे जत्थे में यह ट्रैक्टर भी शामिल था। अंबाला के पास हरियाणा सीमा पर पुलिस ने जत्थे को आगे बढ़ने से रोका तो विरोध स्वरूप एक ट्रैक्टर में आग लगा दी गई। इस संबंध पूछने पर बरिंदर सिंह ढिल्लो ने कहा कि इस ट्रैक्टर को ठीक कराकर पुन: जलाया जाएगा।
पांच कार्यकर्ता हुए गिरफ्तार
इंडिया गेट के पास अचानक हुई घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं और ट्रैक्टर में आग लगाने वाले पंजाब यूथ कांग्रेस के पांच कार्यकर्ताओं अमन दीप सिंह, राहुल, साहिब, सुमित और मनजोत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ तिलक मार्ग थाने में महामारी एक्ट, डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा-407 व इनोवा कार को जब्त कर लिया।
पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी पहुंचे थे राजपथ
प्रदर्शनकारी पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में कार से राजपथ पहुंचे थे। ट्रैक्टर में आग लगाने का वीडियो पंजाब युवा कांग्रेस के फेसबुक पेज पर भी लाइव किया गया। डीसीपी ईश सिंघल ने बताया कि इस मामले में बरिंदर सिंह ढिल्लो की तलाश कर रही है। वहीं, चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से जब ट्रैक्टर जलाने के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मेरा ट्रैक्टर हम जलाएंगे, किसी को इससे क्या लेना है?
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो