सुशांत सिंह राजपूत मामले में फेक न्यूज फैलाने के आरोप में कथित वकील गिरफ्तार, मुंबई ले गई पुलिस
पुलिस का आरोप है कि विभोर आनंद ने मनगढ़ंत झूठी खबर फैलाई थी कि मुंबई में एक पार्टी में दिशा सलियान के साथ दुष्कर्म कर उसे अपार्टमेंट से नीचे फेंक दिया गया था। इस मामले की मुंबई में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में ट्विटर पर झूठी खबर फैलाने के मामले में मुंबई पुलिस ने दिल्ली से एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपित विभोर आनंद को पेशे से अधिवक्ता बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस के मुताबिक विभोर ने झूठी खबर फैलाई थी कि पार्टी में दुष्कर्म करने के बाद सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान को अपार्टमेंट से नीचे फेंक दिया गया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इस संबंध में मुंबई पुलिस को शिकायत दी गई थी।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विभोर आनंद द्वारा झूठी खबर फैलाने के संबंध में मुंबई पुलिस ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस से संपर्क किया था। जिसके बाद दिल्ली पुलिस की मदद से मुंबई पुलिस ने दिल्ली से आरोपित को गिरफ्तार किया गया। मुंबई पुलिस गुरुवार को विभोर को लेकर मुंबई रवाना हो गई। वहां, उनसे पूछताछ की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित का ट्विटर अकाउंट भी निलंबित करवा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के गाइडलाइन्स का उल्लंघन किया है। बता दें कि दिशा सालियान सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। इसी साल आठ जून को मुंबई की एक बिल्डिंग में 14वें फ्लोर से गिरकर दिशा की मौत हो गई थी। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच सीबीआइ कर रही है।
अपने घर में मृत पाए गए थे सुशांत
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को अपने घर में मृत पाये गए थे। पुलिस ने इसे आत्महत्या करार दिया था। सुशांत के पिता केके सिंह ने बिहार की राजधानी पटना में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। जिसमें फिल्म अभिनेता रिया चक्रवर्ती का नाम शामिल है। इस मामले की जांच पहले मुंबई पुलिस कर रही थी। बाद में इसे सीबीआइ के हवाले कर दिया गया था। इस मामले में रिया समेत कई लोगों से सीबीआइ पूछताछ भी कर चुकी है। फिलहाल मामले की जांच अभी भी जारी है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो