दिल्ली-एनसीआर पर डबल अटैक, वायु प्रदूषण के सर्दी में भी इजाफा; शनिवार तक 9 डिग्री आ सकता है पारा
Delhi Cold Weather 2020 मौसम विभाग के अनुसार धीरे-धीरे यह ठंड और बढ़ने की संभावना है। शनिवार तक न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक जा सकता है। शीत लहर भी नवंबर में अमूमन नहीं चलती लेकिन इस बार इसकी भी संभावना बन रही है।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। Delhi Cold Weather 2020: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ ठंड में भी इजाफा होने लगा है। यह दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए डबल अटैक की तरह है। अभी तक ठंड का एहसास सुबह- शाम ही हो रहा था, लेकिन बुधवार के बाद बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर के लोगों ने दिन के समय भी हल्की सर्दी महसूस की। हालांकि, बृहस्पतिवार को दिन में तीखी धूप रही, लेकिन सुबह ठीकठाक ठंड थी। इसका एक कारण यह भी है कि पूरे दिन सूरज और बादलों के बीच आंख मिचौली भी होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, धीरे-धीरे यह ठंड और बढ़ने की संभावना है। शनिवार तक न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक जा सकता है। महेश पलावत (मुख्य मौसम विज्ञानी, स्काईमेट वेदर) के मुताबिक, इस साल कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। शुरुआत नवंबर में ही हो गई है। इतना कम तापमान नवंबर की शुरुआत में कभी नहीं जाता। शीत लहर भी इस माह में अमूमन नहीं चलती, लेकिन इस बार इसकी भी संभावना बन रही है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, सुबह के समय अब धुंध भी गहराने लगेगी। बृहस्पतिवार से ही इसकी शुरुआत देखने को मिली, जब एनसीआर के कई शहरों में धुंध का नजारा दिखा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 28 एवं 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं स्काईमेट वेदर के अनुसार अगले कुछ दिन मौसम साफ रहेगा। इससे ठंड तेजी से बढ़ेगी।
इससे पहले बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 28.0 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम में यह 26.6 और जाफरपुर में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आया है। वहीं न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मंगलवार के मुकाबले .6 डिग्री ज्यादा, लेकिन सामान्य से चार डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 43 से 95 फीसद रहा।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो