Move to Jagran APP

दिल्ली में थमा चुनाव प्रचार का शोर, आखिरी दिन BJP-AAP-कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत; सोनिया गांधी ने की खास अपील

भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रधानमंत्री मोदी ने 18 मई को उत्तर पूर्वी व 22 मई को पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर चुके हैं। अमित शाह भी दक्षिणी दिल्ली में चुनावी सभा को संबोधित किए थे। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी दो लोकसभा सीटों पर जनसभा को संबोधित किया। वहीं सोनिया गांधी ने भी वोटरों से INDIA गठबंधन को वोट करने की अपील की।

By Santosh Kumar Singh Edited By: Sonu Suman Published: Thu, 23 May 2024 08:22 PM (IST)Updated: Thu, 23 May 2024 08:22 PM (IST)
आखिरी दिन BJP-AAP-कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में 25 मई को मतदान होगा। चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन था। गुरुवार को राजधानी में तीनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। इसके साथ ही शाम से प्रचार का शोर थम गया। आखिरी दिन प्रत्याशी और कार्यकर्ता घर-घर में जाकर लोगों से संपर्क साधा। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी। पार्टी के बड़े नेताओं ने दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर चुनाव प्रचार किया।

भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18 मई को उत्तर पूर्वी व 22 मई को पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर चुके हैं। गृह मंत्री अमित शाह भी दक्षिणी दिल्ली में चुनावी सभा को संबोधित किए थे। पार्टी के अन्य बड़े नेता व केंद्रीय मंत्री दिल्ली में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के साथ रोड शो कर चुके हैं। बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, पीयूष गोयल, स्मृत इरानी सहित अन्य बड़े नेता अंतिम चुनाव प्रचार में उतरे।

भाजपा के इन नेताओं ने किया प्रचार

  • केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और पीयूष गोयल पश्चिमी दिल्ली में किया रोड शो।
  • केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी चांदनी चौक और पूर्वी दिल्ली में रोड शो किया।
  • महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देंवेंद्र फड़णवीस उत्तर पूर्वी दिल्ली में रोड शो किया।
  • उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने नई दिल्ली में रोड शो किया।
  • राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने उत्तर पश्चिमी दिल्ली में रोड शो किया।
  • केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने चांदनी चौक में व्यापारियों के साथ बैठक की।

राहुल गांधी ने दो सीटों पर की जनसभा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट और उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट पर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस के तीनों उम्मीदवार कन्हैया कुमार, जेपी अग्रवाल और उदित राज मौजूद रहे। राहुल गांधी ने मंगोलपुरी में महिलाओं के साथ विचार-विमर्श किया। वहीं राहुल ने लोगों के साथ जुड़ने के लिए दिल्ली मेट्रो में भी सफर किया। 

सोनिया गांधी ने दिल्ली की जनता से की अपील

सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में कहा- मेरे प्यारे दिल्ली वासियों, यह एक बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। यह चुनाव बेरोजगारी, महंगाई, संवैधानिक संस्थाओं पर आक्रमण जैसे मुद्दों पर लड़ा जा रहा है। आपको इस लड़ाई में अपनी भूमिका निभानी है। आपका हर एक वोट रोजगार बनाएगा, महंगाई कम करेगा, महिलाओं को सशक्त करेगा और एक सुनहरे भविष्य में समता और बराबरी का भारत बनाएगा। मैं आपसे अपील करती हूं कि कांग्रेस व आइएनडीआइ गठबंधन के प्रत्याशियों को दिल्ली की सातों सीटों पर भारी मतों से विजयी बनाइए। 

ये भी पढ़ें- DU के लेडी श्रीराम कॉलेज और वेंकटेश्वर कॉलेज को मिली बम से उड़ाने की धमकी, दिल्ली पुलिस ने बताया 'फर्जी'


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.