विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गुजरात सरकार को घेरने के चक्कर में केजरीवाल कर गए अखिलेश यादव जैसी गलती! BJP ने कहा- दोनों नकली नेता

By Agency Edited By: Sonu Suman
Published: Sun, 13 Apr 2025 04:28 PM (IST)

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव को नकली नेता कहकर निशाना साधा। दोनों ने 2023 की एक खबर साझा की जिसमें गुजरात के 157 स्कूलों में 10वीं में कोई पास नहीं होने का दावा था। हर्ष सांघवी ने इसे गलत सूचना फैलाने की कोशिश बताया क्योंकि 2025 के परिणाम अभी आए ही नहीं हैं।

अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल पर गलत खबर शेयर करने का आरोप।
अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल पर गलत खबर शेयर करने का आरोप।

एएनआई, नई दिल्ली। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने रविवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों को नकली और धोखेबाज नेता करार देते हुए आरोप लगाया कि इन्होंने गुजरात बोर्ड के परिणामों से संबंधित एक पुरानी खबर को सोशल मीडिया पर साझा किया। 

सांघवी ने स्पष्ट किया कि गुजरात बोर्ड के 2025 के परिणाम अभी घोषित नहीं हुए हैं, फिर भी केजरीवाल और अखिलेश यादव ने मई 2023 की एक खबर का हवाला दिया, जिसमें दावा किया गया था कि 157 स्कूलों में 10वीं कक्षा में एक भी छात्र पास नहीं हुआ। उन्होंने इसे जनता की राय को प्रभावित करने के लिए गलत सूचना फैलाने की साजिश बताया और कहा कि ऐसे नेताओं को बच्चों को अपनी गंदी राजनीति में घसीटने का कोई अधिकार नहीं है।

केजरीवाल ने बीजेपी पर शिक्षा को बर्बाद करने का लगाया आरोप

यह विवाद तब शुरू हुआ जब अखिलेश यादव ने एक्स (X) पर पुरानी खबर साझा करते हुए गुजरात मॉडल की आलोचना की और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर शिक्षा के क्षेत्र में नाकामी का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, "गुजरात मॉडल खुद फेल हो गया... गुजरात के 157 स्कूलों में 10वीं बोर्ड परीक्षा में एक भी छात्र पास नहीं हुआ। हम BJP को हटाकर भविष्य बचाएंगे!" इसके जवाब में केजरीवाल ने BJP पर देश भर में शिक्षा को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने गुजरात मॉडल पर तंज कसते हुए कहा कि BJP पूरे देश को अशिक्षित रखना चाहती है। 

गुजरात मॉडल से ही दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था होगी नष्ट: केजरीवाल

उन्होंने X पर लिखा, "यह गुजरात मॉडल है। यह BJP का मॉडल है, जिसे वे पूरे देश में लागू करना चाहते हैं। यह डबल इंजन मॉडल है। वे पूरे देश को अशिक्षित रखना चाहते हैं। एक भी ऐसा राज्य बताइए जहां उनकी सरकार हो और उन्होंने शिक्षा को बर्बाद न किया हो।" केजरीवाल ने आगे दावा किया कि इसी मॉडल के तहत अब दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को भी नष्ट करने की कोशिश की जा रही है।

सांघवी ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि केजरीवाल और यादव ने जो डेटा साझा किया, वह इस साल का नहीं है, बल्कि पुराना और गलत है। बता दें, केजरीवाल और अखिलेश यादव BJP की नीतियों पर हमला कर रहे हैं, वहीं सांघवी ने गुजरात की साख बचाने की कोशिश की और इसे विपक्ष की धोखेबाजी करार दिया। 

यह भी पढे़ं- दिल्ली में शख्स ने कई वाहनों को टक्कर मारते हुए बुजुर्ग पर चढ़ाई कार, 15 मीटर तक घसीटा; हो गई मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।