यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली में दुकानदार ने चुराईं करवा चौथ की एक दर्जन से अधिक थालियां, बोला- देखकर खुद को रोक नहीं पाया
Karwa Chauth 2022 अब तक आपने सोने-चांदी नकद समेत कई तरह के सामानों की चोरी की खबर पढ़ी होगी। मगर ...और पढ़ें

नई दिल्ली, आईएएनएस। अब तक आपने सोने-चांदी, नकद समेत कई तरह के सामानों की चोरी की खबर पढ़ी होगी। मगर क्या आपने कभी करवा चौथ की पूजा की थाली की चोरी की घटना सुनी है। दिल्ली पुलिस ने करवा चौथ की थालियां चुराने वाले एक चोर को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले नवनीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। चोर के पास से करवा चौथ की 20 थालियां बरामद की गई है। चोर के खिलाफ सदर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
बोरे में रखी थी सजावटी थालियां
12 अक्टूबर को मंडावली निवासी नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वह करवा चौथ त्योहार की खरीदारी के लिए सदर बाजार आया था। उन्होंने करवा चौथ की पूजा में इस्तेमाल की जाने वाली सजावटी प्लेट के 20 सेट खरीदे थे। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने एमसीडी पार्किंग में एक बोरे में सभी थालियों को रख दिया था। बाद में उन्होंने देखा तो वहां से सभी थालियां गायब थी।

सीसीटीवी में दिखा थाली चोर
समाचार एजेंसी आईएएनएस ने बताया कि एक सूत्र ने कहा कि करवा चौथ के उपहार वस्तुओं की चोरी के कई और मामले सामने आए हैं। इस संबंध में पुलिस को फोन भी प्राप्त हुए। पुलिस ने इलाके की सीसीटीवी की जांच की तो फुटेज में बाइक सवार व्यक्ति करवा चौथ की थाली के साथ पाया गया।
पुलिस को दिया गजब जवाब
इसके बाद सदर बाजार थाने की पुलिस ने तुरंत एक्शन दिखाते हुए तीन घंटे के अंदर ही आरोपित चोर को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह नोएडा में किराना की दुकान चलाता था। वह सदर बाजार से सामान खरीदने आया था। वहां उसे करवा चौथ की सुंदर थालियों दिखी तो खुद को रोक नहीं पाया। इसलिए उसने थालियों की चोरी कर ली।
