Delhi: फ्लाइट लैंड हुई तो पता चला, सिर्फ दो मिनट का बचा था ईंधन; एक यात्री को आई उल्टी
Chandigarh Airport इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI Airport Delhi) एयरपोर्ट पर शनिवार शाम को पहुंचने वाली दो उड़ानों को तेज हवा के साथ हुई वर्षा की वजह से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया था। उनमें से एक उड़ान ने जब चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की तो पता चला कि उसमें सिर्फ दो मिनट का ही ईंधन बचा है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI Airport Delhi) एयरपोर्ट पर शनिवार शाम को पहुंचने वाली दो उड़ानों को तेज हवा के साथ हुई वर्षा की वजह से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया था। उनमें से एक उड़ान ने जब चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की तो पता चला कि उसमें सिर्फ दो मिनट का ही ईंधन बचा है। यह जानकारी हवाई जहाज में यात्रा कर रहे यात्री ने एक्स पर पोस्ट की है। हालांकि विमानन कंपनी ने इसका खंडन करते हुए कहा कि उड़ान में पर्याप्त ईंधन था।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या से दिल्ली की उड़ान में बैठने के बाद चंडीगढ़ लैंड हुए यात्री सतीश कुमार ने एक्स पर डाली पोस्ट में कहा है कि शनिवार शाम को तीन बजकर 25 मिनट पर उड़ान अयोध्या से दिल्ली के लिए रवाना हुई। शाम साढ़े चार बजे उड़ान को दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करना था, लेकिन उससे 15 मिनट पहले पायलट ने ऐलान किया कि दिल्ली में मौसम खराब है, जिस कारण वहां उड़ान लैंड नहीं की जाएगी।
चंडीगढ़ डाइवर्ट किया विमान
कुछ देर तक उड़ान आसमान में घूमती रही। पायलट ने दोबारा उड़ान को लैंड करवाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सवा चार बजे यात्रियों को बताया गया कि विमान में 45 मिनट का ईंधन बचा है। शाम 5:30 बजे पायलट ने विमान को चंडीगढ़ की ओर डायवर्ट किया।
यात्री ने उल्टियां कर शुरू किया
इस दौरान कई यात्रियों और क्रू मेंबर के सदस्यों की तबीयत खराब हो गई। एक ने तो उल्टियां करना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि 45 मिनट के ईंधन बचे होने के ऐलान के 115 मिनट बाद शाम छह बजकर दस मिनट पर उड़ान चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड हुई। बाद में उन्हें पता चला कि उड़ान ने आखिरी समय पर लैंड किया है। अब सिर्फ एक से दो मिनट का ईंधन बचा है।
इंडिगो की ओर से कहा गया है कि अयोध्या और दिल्ली के बीच चलने वाली इंडिगो की उड़ान को शनिवार को दिल्ली में खराब मौसम होने के कारण चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया था। पायलट ने नियमों के तहत कुछ देर तक विमान आसमान में रखा, यह बिल्कुल सुरक्षित है। वैकल्पिक एयरपोर्ट पर ले जाने के लिए उड़ान में पर्याप्त ईंधन था। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
22 उड़ान हुईं थी डाइवर्ट
राजधानी दिल्ली में शनिवार को अचानक मौसम खराब होने की वजह से 22 उड़ानों को अलग-अलग एयरपोर्ट पर डाइवर्ट किया गया था।डायवर्ट की गई उड़ानों में से दो को चंडीगढ़ डाइवर्ट किया गया था।