कांग्रेस नेता मेंहदी माजिद को मिली नई जिम्मेदारी, DPCC के पूर्व चीफ अजय माकन ने दी बधाई
अजय माकन ने कहा कि मुस्लिम समाज की बेहतरी के लिए आज भी बहुत कुछ किए जाने की जरूरत है। वहीं मेंहदी माजिद ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों को ध्यान में रखते हुए वह अपनी इस नई जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएंगे।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। दिल्ली कांग्रेस के पूर्व मुख्य मीडिया प्रभारी मेंहदी माजिद को ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें उनकी इस नियुक्ति पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अजय माकन ने कहा कि मुस्लिम समाज की बेहतरी के लिए आज भी बहुत कुछ किए जाने की जरूरत है। वहीं मेंहदी माजिद ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों को ध्यान में रखते हुए वह अपनी इस नई जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएंगे तथा समाज की बेहतरी के लिए यथासंभव प्रयास करेंगे।
वहीं, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी राजधानी में अपनी पार्टी को मजबूत बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तीनों कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने इन प्रदर्शनकारियों को भाजपा मुख्यालय पहुंचने से पहले ही रोक लिया। चौधरी ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और कांग्रेस ने कभी किसानों के अधिकारों को नजरअंदाज नही किया। पार्टी किसानों के अधिकारों के लिए तब तक संघर्ष करती रहेगी, जब तक किसान विरोधी तीनों कृषि कानून को वापस नहीं लिया जाता।
इस मौके पर अनिल चौधरी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी अपने दोहरे चरित्र के साथ किसानों के हितों के लिए उपवास करने का झूठा नाटक कर रहे है। यदि अरविंद केजरीवाल किसानों के लिए कुछ करना चाहते है तो कृषि कानूनों को दिल्ली में लागू करने संबधी अधिसूचना वापस ले और सत्र बुलाकर अपना रुख स्पष्ट करें। प्रदर्शनकारियों में पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ, पूर्व सांसद उदित राज, प्रदेश उपाध्यक्ष जयकिशन, शिवानी चोपड़ा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमृता धवन और जिला अध्यक्ष हरिकिशन जिंदल सहित कई पूर्व विधायक एवं पार्षद भी शामिल रहे।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो